ओबामा दौरे और गणतंत्र दिवस समारोह के चलते दिल्ली में कई सड़कें बंद

punjabkesari.in Sunday, Jan 25, 2015 - 10:18 AM (IST)

नई दि्ल्ली: अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में कई जगहों पर यातायात पाबंदी लगाई गई है। आई.टी.सी. मौर्य होटल के आसपास की सड़कें वाहनों की आवाजही के लिए बंद कर दी गई हैं जबकि राजपथ की ओर जाने वाली सड़कें रविवार शाम से आम लोगों के लिए बंद रहेंगी।

पुलिस के अनुसार, गणतंत्र दिवस परेड और अन्य कार्यक्रमों के मद्देनजर नई दिल्ली इलाके में सामान्य यातायात प्रतिबंध लगाया है। 25 और 26 जनवरी को नई दिल्ली इलाके, सी हेक्सागन इंडिया गेट से बचने की सलाह दी गई है। राजपथ पर रविवार शाम 6 बजे से 26 जनवरी को समारोह खत्म होने तक वाहन नहीं चल सकेंगे। गणतंत्र दिवस के दिन तिलक मार्ग, बीएसजे मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग से लेकर लाल किला तक यातायात की अनुमति नहीं होगी।

27 जनवरी को अगस्त क्रांति पर मार्ग पर रोक रहेगी और लोगों से अगस्त क्रांति मार्ग से बचने का अनुरोध किया गया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) अनिल शुक्ला के मुताबिक सरदार पटेल मार्ग का हिस्सा- सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग, धौला कुआं तक नौ बजे सुबह से आम यातायात के लिए बंद रहेगा।

अकबर रोड और कोपरनिकस मार्ग के बीच सी हेक्सागन इंडिया गेट पर यातायात की अनुमति नहीं होगी। कस्तूरबा गांधी मार्ग और अशोक रोड पर भी कुछ घंटे के लिए यातायात बंद रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News