अरमाने गिरधर होंगे नए रक्षा सचिव , 31 अक्टूबर को संभालेंगे पद
punjabkesari.in Wednesday, Oct 19, 2022 - 07:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क : सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में सचिव अरमाने गिरधर रक्षा मंत्रालय में नये सचिव नियुक्त किये गये हैं। श्री गिरधर डा अजय कुमार का स्थान लेंगे जो इस महीने के अंत में सेवा निवृत हो रहे हैं। केन्द्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने विभिन्न नियुक्तियों को मंजूरी दी है। इनमें श्री गिरघर को रक्षा मंत्रालय में विशेष अधिकारी बनाया गया है और आगामी 31 अक्टूबर को डा अजय कुमार के सेवानिृत होने के बाद वह रक्षा सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।
श्री गिरधर आन्ध्र प्रदेश कैडर के 1988 बैच के अधिकारी हैं। अन्य नियुक्तियों में ग्रामीण विकास मंत्रालय में सचिव नगेन्द्र नाथ सिन्हा को इस्पात मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। श्री अमृत लाल मीणा को कोयला सचिव, संजय मल्होत्रा को राजस्व विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है।