सुरजेवाला के ट्वीट पर अनुराग ठाकुर का पलटवार, पेट्रोल के मुद्दे पर विपक्ष की जमकर लगाई क्लास

punjabkesari.in Wednesday, Apr 27, 2022 - 07:26 PM (IST)

नई दिल्लीः सूचना प्रसारण, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को लेकर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों की सरकारों ने मूल्यवर्धित कर में कमी करके जनता को राहत दी लेकिन कांग्रेस एवं विपक्षी दलों की सरकारों ने जनता को लूटना जारी रखा। 

ठाकुर ने कांग्रेस के संचार प्रमुख रणदीप सुरजेवाला के ट्वीटर पर दिये गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों ने महीनों पहले ही अपने टैक्स में कटौती करके आम नागरिक को उसका लाभ पहुंचाया था। लेकिन कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों के राज्यों की सरकारों ने जनता को लूटना जारी रखा और अब घड़यिाली आंसू बहा रहे हैं। 

केंद्रीय मंत्री ने कुछ आंकड़े साझा करते हुए कहा कि वैट में कमी से कर्नाटक को 5000 करोड़, गुजरात को 4000 करोड़ और बाकी राज्यों को भी हजारों करोड़ की क्षति हुई है लेकिन भाजपा शासित राज्यों में आम नागरिक को उसका लाभ मिला। उन्होंने कहा, ‘‘विपक्षी दल सिर्फ केंद्र की ओर देखते हैं और टैक्स में कटौती नहीं करते हैं।'' उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कारण है कि विपक्षी दलों वाली सरकारें लोगों का भला नहीं कर रही हैं। 
s
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि हम सभी राज्यों से पेट्रोल/डीजल पर वैट को मई 2014 से पहले के स्तर तक कम करने का आग्रह करेंगे। कृपया स्वीकार करें कि भाजपा सरकार ने पेट्रोल/डीजल से 27 लाख करोड़ रुपये कमाए, जबकि सभी राज्यों ने सामूहिक रूप से लगभग 16.5 लाख करोड़ रुपये कमाए। पेट्रोल/डीजल से केंद्र सरकार का राजस्व 8 वर्षों में दोगुना हो गया है। 

राजस्थान में महिलाओं पर अत्याचार से जुड़े एक सवाल पर ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी और सोनिया गांधी आखिर क्यों मौन साधे हैं। उत्तर प्रदेश में हाथरस की घटनाओं पर तो उनकी सक्रियता देखते बनती थी लेकिन राजस्थान की महिलाओं के प्रति उनकी संवेदना क्यों नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News