अन्ना यूनिवर्सिटी में शर्मनाक हरकत: इंटर्नशिप का झांसा देकर प्रोफेसर ने किया छात्रा का यौन उत्पीड़न, पुलिस ने दबोचा
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 01:55 PM (IST)
Anna University: चेन्नई की प्रतिष्ठित अन्ना यूनिवर्सिटी से एक बेहद विचलित करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक प्रोफेसर पर अपनी ही छात्रा को स्टॉक करने और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रोफेसर ए. ग्नावेल बाबू को तिरुनेलवेली से गिरफ्तार कर लिया है। वर्तमान में एक विशेष टीम आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
इस पूरे विवाद की जड़ें तब गहरी हुईं जब पीड़िता अपने कॉलेज के दूसरे वर्ष में थी। छात्रा ने अपनी शिकायत में खुलासा किया कि प्रोफेसर ने उसकी कमजोर आर्थिक स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश की। पहले उसने छात्रा को अच्छी इंटर्नशिप दिलाने का लालच दिया और फिर धीरे-धीरे उससे निजी बातें करना शुरू कर दिया। मदद के नाम पर शुरू हुआ यह सिलसिला जल्द ही अश्लील बातचीत, आपत्तिजनक कॉल्स और भद्दे मैसेज में बदल गया। प्रोफेसर की हिम्मत इतनी बढ़ गई कि उसने छात्रा को पैसों का लालच देकर उसे अपनी जाल में फंसाने की भी कोशिश की।
#TamilNadu: #AnnaUniversity professor Gnanavel Babu arrested in a sexual harassment case. pic.twitter.com/DMfHXrLf7z
— South First (@TheSouthfirst) March 27, 2026
जैसे ही छात्रा तीसरे वर्ष में पहुंची, प्रोफेसर का उत्पीड़न और भी बढ़ गया। आरोप है कि वह छात्रा पर हर वक्त नजर रखता था और उसकी निजी जिंदगी, यहां तक कि उसके पहनावे और शारीरिक बदलावों (पीरियड्स) पर भी बेहद भद्दी टिप्पणियां करता था। प्रोफेसर उसे देर रात फोन कर परेशान करता था और जब छात्रा ने उसका नंबर ब्लॉक किया, तो उसने उसके दोस्तों के जरिए उस तक पहुंचने की कोशिश की। इस निरंतर मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर छात्रा ने आखिरकार कानून का दरवाजा खटखटाया।
इस घटना की खबर फैलते ही अन्ना यूनिवर्सिटी के छात्र आक्रोशित हो उठे और कैंपस में जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी की शिकायत प्रणाली लचर है और पहले भी ऐसी शिकायतें नजरअंदाज की जा चुकी हैं। बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रशासन ने आरोपी प्रोफेसर को सस्पेंड कर दिया है और एक आंतरिक जांच कमेटी गठित की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब जांच इस दिशा में भी बढ़ रही है कि क्या प्रोफेसर ने अन्य छात्राओं को भी अपनी हवस या लालच का शिकार बनाया है।
