दिल्ली के नए उपराज्यपाल बने अनिल बैजल, ली शपथ

punjabkesari.in Saturday, Dec 31, 2016 - 12:41 PM (IST)

नई दिल्ली : पूर्व नौकरशाह अनिल बैजल ने आज दिल्ली के उपराज्यपाल पद की शपथ ली। राजनिवास में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व गृह सचिव रहे बैजल को दिल्ली उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश जी. रोहिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नए उपराज्यपाल ने अंग्रेजी में भगवान के नाम पर शपथ ग्रहण की। इस मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगी और बड़ी संख्या में अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।  बैजल को राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने औपचारिक रूप से 28 दिसंबर को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया। उनकी नियुक्ति नजीब जंग के 22 दिसंबर को इस्तीफा देने के बाद की गई। 65 वर्षीय जंग भी पूर्व नौकरशाह थे।

उन्होंने निजी कारणों से अपने पद से इस्तीफा देते हुए वापस शैक्षिक क्षेत्र में लौटने की इच्छा जताई थी। 9 जुलाई, 2013 को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त होने से पहले जंग जामिया मिलिया के कुलपति थे। उनका कार्यकाल जुलाई 2018 तक था। केजरीवाल की पिछले साल दिल्ली में सरकार बनने के बाद जंग और मुख्यमंत्री के बीच अधिकारों को लेकर लगतार विवाद बना रहा और यह मामला अदालतों तक भी पहुंचा। वाजपेयी सरकार में गृह सचिव रहे 1969 बैच के नौकरशाह बैजल 2006 में सेवा निवृत हुए थे।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News