अमित शाह का दावा- गुजरात चुनाव में कांग्रेस को जड़ से उखाड़ देंगे

punjabkesari.in Tuesday, Jun 20, 2017 - 08:17 PM (IST)

जूनागढ़: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने आज अपने गृह राज्य गुजरात में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की 150 से अधिक सीटों (कुल 182)पर जीत निश्चित बताते हुए कहा कि यह चुनाव केवल जीत के लिए नहीं बल्कि कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए लड़ा जाएगा। शाह ने जूनागढ कृषि विश्वविद्यालय मैदान में 11 जिलों तथा 4 शहरों में पार्टी के लगभग एक लाख पेज प्रमुखों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जब भी चुनाव आता है तो कांग्रेस जीतने का दावा शुरू करती है और इस बात को मीडिया में भी तूल दिया जाता है पर सच्चाई तो यह है कि वर्ष 2014 के बाद महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड, कश्मीर, उत्तराखंड तथा मणिपुर में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस एक के बाद एक हारी है और भाजपा की जीत हुई है।

PM मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया
वर्ष 1990 के बाद से गुजरात में भाजपा कभी नहीं हारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपनी सत्ता के दौरान गुजरात को इसलिए दंडित किया है क्योंकि यह सरदार पटेल और मोरारजी देसाई की भूमि है। शाह ने मोदी की विदेश यात्राओं को लेकर कांग्रेस विशेष रूप से इसके नेता तथा पूर्व मंत्री कमलनाथ की टिप्पणियों पर एक बार फिर से प्रहार करते हुए दोहराया कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की विदेश यात्राएं प्रभावी होने के कारण चर्चा का विषय नहीं बनती थीं। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियों की भी चर्चा की तथा कहा कि मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News