Middle East Tensions : गैस संकट के बीच घर में कितने LPG सिलेंडर रखना है कानूनी? नियम नहीं मानने पर हो सकती है कार्रवाई
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 05:39 AM (IST)
नेशनल डेस्कः मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच जारी टकराव का असर भारत सहित कई देशों पर पड़ रहा है। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब Strait of Hormuz को लेकर तनाव बढ़ा। यह समुद्री मार्ग दुनिया में तेल और गैस सप्लाई के सबसे महत्वपूर्ण रास्तों में से एक माना जाता है। इसी रास्ते से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस एशियाई देशों तक पहुंचती है।
हालांकि इसी मार्ग से भारत के दो जहाज सुरक्षित गुजर चुके हैं और ईरान ने यह भी साफ किया है कि अमेरिका, इजरायल और उनके समर्थक देशों को छोड़कर अन्य देशों के लिए रास्ता खुला रहेगा। इसके बावजूद गैस सप्लाई को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है और कई लोग घरों में एलपीजी सिलेंडर जमा करने लगे हैं।
ऐसे में आपके लिए यह जानना जरूरी है कि नियमों के अनुसार घर में कितने एलपीजी सिलेंडर रखना कानूनी है।
घर में एलपीजी सिलेंडर रखने के नियम क्या हैं?
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी सिलेंडर रखने के कुछ तय नियम हैं। अगर इन नियमों का पालन नहीं किया गया तो आपको कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
1. एक पते पर दो गैस कंपनियों का कनेक्शन नहीं
सबसे पहले यह जान लेना जरूरी है कि अगर आपके पास पहले से किसी गैस कंपनी का कनेक्शन है तो उसी पते पर दूसरी कंपनी का नया कनेक्शन लेना नियमों के खिलाफ माना जाता है। यानी एक ही घर के पते पर अलग-अलग कंपनियों के कई गैस कनेक्शन लेना नियमों की अवहेलना है।
2. घर में अधिकतम दो सिलेंडर रखने की अनुमति
घरेलू इस्तेमाल के लिए आम तौर पर एक पते पर अधिकतम दो एलपीजी सिलेंडर रखने की अनुमति होती है। इसका मतलब है कि एक सिलेंडर रसोई में इस्तेमाल किया जा सकता है और दूसरा सिलेंडर रिजर्व के तौर पर रखा जा सकता है, ताकि पहला खत्म होने पर तुरंत दूसरा इस्तेमाल किया जा सके। अगर किसी घर में दो से ज्यादा सिलेंडर पाए जाते हैं तो इसे नियमों का उल्लंघन माना जा सकता है।
3. साल में कितने सिलेंडर मिल सकते हैं
घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सालाना सिलेंडर की एक सीमा भी तय होती है। आम तौर पर एक परिवार एक साल में अधिकतम 15 सिलेंडर बुक कर सकता है। इससे ज्यादा सिलेंडर लेने पर अतिरिक्त जांच हो सकती है।
कब मानी जाती है एलपीजी की जमाखोरी?
अगर कोई घरेलू उपभोक्ता बिना अनुमति के दो से ज्यादा या 40 किलोग्राम से अधिक एलपीजी घर में स्टोर करता है, तो इसे नियमों के तहत जमाखोरी माना जा सकता है। ऐसी स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। जमाखोरी साबित होने पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है और गैस कनेक्शन रद्द किया जा सकता है। अगर बड़ी मात्रा में गैस की जमाखोरी की जाती है, तो इसके लिए 3 साल से लेकर 7 साल तक की सजा का भी प्रावधान है।
सरकार ने कहा – गैस की सप्लाई कम नहीं होगी
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण भारत में कुछ दिनों से एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर पैनिक जैसी स्थिति बन गई है। कई लोग डर के कारण जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक करने लगे हैं। लेकिन सरकार ने साफ कहा है कि देश में तेल और गैस की सप्लाई बंद नहीं होगी और न ही इसमें कमी आने दी जाएगी। सरकार का कहना है कि अगर किसी एक समुद्री मार्ग से सप्लाई प्रभावित होती है तो दूसरे रास्तों से तेल और गैस लाने के विकल्प तैयार रखे गए हैं। साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इसी मार्ग से भारत के लिए दो जहाज पहुंच जाएंगे, जिससे तेल और गैस को लेकर बनी चिंता और अफरा-तफरी की स्थिति शांत हो जाएगी।
