इंसान है या स्पाइडरमैन? बिना रस्सी के 1667 फीट ऊंची इमारत पर चढ़ा यह जांबाज, देखें हैरतअंगेज़ Video
punjabkesari.in Monday, Jan 26, 2026 - 01:57 PM (IST)
American rock climber Alex Honnold: दुनिया के सबसे मशहूर रॉक क्लाइंबर एलेक्स होनोल्ड (Alex Honnold) ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है जिसे सुनकर ही रोंगटे खड़े हो जाएं। एलेक्स ने ताइवान की मशहूर गगनचुंबी इमारत ताइपे 101 (Taipei 101) पर बिना किसी रस्सी, हुक या सुरक्षा उपकरण के चढ़ाई पूरी की है। शहरी वातावरण में बिना सुरक्षा के इतनी ऊंची इमारत फतह करने वाले वे दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं। इस जोखिमभरी चढ़ाई को फ्री-सोलो (Free-Solo) क्लाइंबिंग कहा जाता है जहां एक छोटी सी गलती का मतलब सीधा मौत होता है।
चुनौतीपूर्ण थी 508 मीटर ऊंची दीवार
ताइपे 101 दुनिया की सबसे ऊंची और जटिल संरचना वाली इमारतों में शुमार है। 508 मीटर (लगभग 1,667 फीट)। इसमें 101 मंजिलें हैं जो 8 अलग-अलग ब्लॉक्स में बंटी हैं। इमारत की मध्य 64 मंजिलें सबसे चुनौतीपूर्ण मानी गईं क्योंकि वहां का डिजाइन और पकड़ (Grip) काफी मुश्किल थी।
90 मिनट का सफर और तेज हवाओं का डर
रविवार सुबह जब एलेक्स ने लाल टी-शर्ट पहनकर चढ़ाई शुरू की, तो नीचे हजारों लोगों की सांसें थमी हुई थीं। बिना किसी हार्नेस के एलेक्स आत्मविश्वास के साथ ऊपर बढ़ते गए। शिखर पर पहुंचने के बाद उन्होंने बताया, "ऊपर हवा बहुत तेज थी, मुझे डर था कि कहीं संतुलन न बिगड़ जाए। लेकिन वहां से ताइपे का नजारा अविश्वसनीय था।" करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद जब वे चोटी पर पहुंचे तो उन्होंने हाथ उठाकर अपनी जीत का जश्न मनाया।
American rock climber Alex Honnold climbed the Taipei 101 skyscraper in Taiwan without any ropes or protective equipment in a free solo climb broadcast live on Netflix with a 10-second delay. Read more here: https://t.co/Mzuzyb3NEq pic.twitter.com/oDBZR0mO2R
— The Associated Press (@AP) January 25, 2026
खराब मौसम ने बढ़ाया इंतजार
एलेक्स यह चढ़ाई शनिवार को ही करने वाले थे लेकिन भारी बारिश और खराब मौसम के चलते इसे 24 घंटे के लिए टाल दिया गया था। रविवार को आसमान साफ होते ही उन्होंने इस नामुमकिन से दिखने वाले मिशन को मुमकिन कर दिया।
खास बात: साल 2004 में फ्रांस के एलेन रॉबर्ट ने भी इस इमारत पर चढ़ाई की थी लेकिन उन्होंने सुरक्षा रस्सियों का इस्तेमाल किया था। एलेक्स बिना किसी मदद के ऐसा करने वाले पहले इंसान बने हैं।


