Alert! बिना डॉक्टर की सलाह गलती से भी मत लेना ये विटामिन, वरना चली जाएगी आंखों की रोशनी

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 01:50 PM (IST)

नेशनल डेस्क : अक्सर लोग स्वास्थ्य के लिए रोजाना विटामिन लेते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि ये हमारे शरीर को अनगिनत फायदे देते हैं। ऐसा ही एक विटामिन है विटामिन B3, जिसे नियासिन (Niacin) भी कहते हैं। इसे मुख्य रूप से कोलेस्ट्रॉल कम करने और हार्ट की सेहत सुधारने के लिए जाना जाता है। डॉक्टर कभी-कभी हाई कोलेस्ट्रॉल या हाइपरलिपिडेमिया के मरीजों को इसे लेने की सलाह देते हैं। लेकिन ज्यादा मात्रा में इसे बिना डॉक्टर की निगरानी के लेने से गंभीर दिक्कतें हो सकती हैं।

ज्यादा सेवन से आंखों पर पड़ता है असर

अमेरिका के न्यूयॉर्क के डॉक्टरों ने एक गंभीर मामला सामने रखा। 61 साल के एक व्यक्ति ने कई महीनों तक रोजाना 3 से 6 ग्राम नियासिन लिया। एक महीने में उसकी आंखों की रोशनी इतनी कमजोर हो गई कि उसे साफ दिखाई देना बंद हो गया। जांच में पता चला कि उसकी आंखों की रोशनी खतरनाक स्तर तक गिर चुकी थी।

शुरुआत में मरीज ने केवल हाई ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल की शिकायत बताई, लेकिन बाद में उसने स्वीकार किया कि वह बिना डॉक्टर की सलाह के नियासिन ले रहा था, क्योंकि उसे लगा कि यह उसके दिल की सेहत के लिए फायदेमंद होगा।

यह भी पढ़ें - दिन में होगा अंधेरा... इस दिन लगेगा साल 2026 का दूसरा सूर्य ग्रहण

नियासिन-इंड्यूस्ड सिस्टॉइड मैक्युलोपैथी

डॉक्टरों की जांच में पता चला कि मरीज को एक दुर्लभ समस्या हो गई थी, जिसे नियासिन-इंड्यूस्ड सिस्टॉइड मैक्युलोपैथी कहते हैं। इस स्थिति में आंख की रेटिना के मैक्युला हिस्से में तरल जमा हो जाता है, जिससे सूजन होती है। इसके कारण नजर धुंधली या कमजोर हो जाती है।

खुशखबरी यह रही कि जैसे ही मरीज ने नियासिन लेना बंद किया, उसकी स्थिति में सुधार होने लगा। एक हफ्ते के भीतर उसकी नजर बेहतर होने लगी और लगभग दो महीने बाद उसकी आंखों की रोशनी पूरी तरह सामान्य हो गई।

एक्सपर्ट का सुझाव

डॉक्टरों का कहना है कि नियासिन की सामान्य मेडिकल डोज 1 से 3 ग्राम प्रतिदिन होती है और अधिकतम 6 ग्राम तक ही, वह भी डॉक्टर की निगरानी में। इस केस में मरीज ने इसे बिना किसी मेडिकल सुपरविजन के लिया था।

जांच में आधुनिक इमेजिंग तकनीक से रेटिना के मैक्युला हिस्से में सूजन पाई गई, जो साफ देखने के लिए जरूरी होता है। इस केस की रिपोर्ट Journal of VitreoRetinal Diseases में प्रकाशित हुई। डॉ. ने चेतावनी दी कि बिना डॉक्टर की सलाह सप्लीमेंट लेना खतरनाक हो सकता है। उन्होंने कहा कि विटामिन और अन्य सप्लीमेंट्स को हमेशा विशेषज्ञ की निगरानी में ही लेना चाहिए।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News