Rain Alert: IMD की बड़ी चेतावनी: UP-दिल्ली समेत 17 राज्यों में भारी बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट , 75 किमी की रफ्तार से चलेंगे बर्फीले तूफान

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 01:44 PM (IST)

नई दिल्ली: देशभर में समय से पहले दस्तक दे रही गर्मी के बीच मौसम के मिजाज ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक ताजा और चिंताजनक बुलेटिन जारी करते हुए देश के बड़े हिस्से में 'वेदर इमरजेंसी' जैसी स्थिति का संकेत दिया है। आज यानी 16 मार्च से लेकर 19 मार्च तक उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के करीब 17 राज्यों में कुदरत का दोहरा प्रहार देखने को मिल सकता है। जहां एक तरफ कुछ राज्य भीषण लू (Heatwave) की चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ एक बड़े हिस्से में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाले बर्फीले तूफान और भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है।

उत्तर भारत में ओलावृष्टि और तूफानी हवाओं का तांडव
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानों से लेकर पहाड़ों तक मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक बादलों का डेरा रहेगा। विशेष रूप से आज पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं और बड़े आकार के ओले गिरने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 16 से 20 मार्च के बीच रुक-रुक कर बर्फबारी और बिजली कड़कने के साथ बारिश होगी। इस मौसमी उथल-पुथल के कारण मैदानी इलाकों के तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे तपती गर्मी से अस्थायी राहत तो मिलेगी लेकिन जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

पूर्वी और मध्य भारत: 21 मार्च को भारी बारिश अपना रौद्र रूप, आकाशीय बिजली का बड़ा खतरा
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए आने वाले 48 घंटे बेहद संवेदनशील हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इन राज्यों में आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल आशंका है। विशेषकर किसानों को सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले खेतों या पेड़ों के नीचे शरण न लें। गंगा के मैदानी इलाकों और छत्तीसगढ़ में 20 मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 21 मार्च को भारी बारिश अपना रौद्र रूप दिखा सकती है।

पूर्वोत्तर में भारी वर्षा और पहाड़ों पर बर्फबारी
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में प्रकृति का मिजाज काफी सख्त रहने वाला है। अगले 5-6 दिनों तक यहाँ लगातार बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी। अरुणाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी का अनुमान है, जिससे यातायात बाधित हो सकता है। नागालैंड और मणिपुर जैसे राज्यों में भी 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की बात कही गई है।

गर्मी और लू का सितम भी रहेगा जारी
एक तरफ जहां बारिश का अलर्ट है, वहीं विदर्भ, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सूरज की तपिश कम होने का नाम नहीं ले रही है। विदर्भ में आज 'हीटवेव' यानी लू चलने की चेतावनी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अगले 24 घंटों के बाद इन क्षेत्रों में भी तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे बुजुर्गों और बच्चों को कुछ राहत मिलेगी।

तापमान का गणित और सावधानी
आज देश के प्रमुख शहरों में पारा चढ़ने और उतरने के बीच झूलता रहेगा। दिल्ली और चेन्नई में अधिकतम तापमान 31°C रहने का अनुमान है, जबकि भोपाल और पटना में यह 33°C से 34°C तक जा सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों जैसे शिमला और नैनीताल में न्यूनतम तापमान 5°C से 9°C के बीच रहेगा, जिससे वहां कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में पारा गिरेगा, लेकिन उसके बाद तापमान में फिर से 5 डिग्री तक की भारी बढ़ोतरी देखी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News