रातभर इंतजार के बाद भी नहीं उड़ी फ्लाइट, मुंबई से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान में 6 घंटे की देरी
punjabkesari.in Saturday, Nov 08, 2025 - 11:42 AM (IST)
नेशनल डेस्क : मुंबई से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI129 मंगलवार सुबह से ही देरी का सामना कर रही है। यह विमान मूल रूप से सुबह 6:30 बजे उड़ान भरने वाला था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण अभी तक मुंबई एयरपोर्ट पर ही खड़ा है। एअर इंडिया के अधिकारियों ने बताया कि विमान में आई तकनीकी समस्या को ठीक करने का काम चल रहा है। अनुमान है कि फ्लाइट दोपहर करीब 1 बजे रवाना हो सकती है। वहीं, एक यात्री ने बताया कि शुरुआत में यात्रियों को सूचित किया गया था कि बोर्डिंग में सिर्फ 30 मिनट की देरी होगी, लेकिन बाद में यह देरी कई घंटों तक बढ़ गई।
यात्रियों को दो बार दी गई जानकारी, विमान से उतरना पड़ा
एक यात्री ने बताया कि निर्धारित समय सुबह 5:20 बजे की जगह उन्हें 6 बजे बोर्डिंग कराई गई। यात्रियों को लगा कि फ्लाइट जल्द उड़ान भरेगी, लेकिन विमान के अंदर करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करवाने के बाद अचानक घोषणा की गई कि तकनीकी समस्या के चलते सभी को विमान से उतरना होगा।
करीब सुबह 8:15 बजे यात्रियों को विमान से नीचे उतारा गया और उनके हैंड बैग्स की पुनः जांच की गई। उस समय बताया गया कि उड़ान अब दोपहर 12 बजे रवाना होगी, लेकिन बाद में एअर इंडिया की ओर से नया अपडेट दिया गया कि फ्लाइट दोपहर 1 बजे टेकऑफ करेगी।
थके-हारे यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
रातभर जागकर सुबह की उड़ान पकड़ने पहुंचे यात्रियों को इस देरी से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्री थके और परेशान नजर आए। कुछ यात्रियों ने एयरलाइन से संचार की कमी और असुविधा को लेकर नाराज़गी भी जताई।
एअर इंडिया ने क्या कहा, 'तकनीकी समस्या को दुरुस्त किया जा रहा है'
एअर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट में तकनीकी खराबी आई थी, जिसे ठीक करने के लिए इंजीनियरों की टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा, 'यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। जब तक विमान पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, उड़ान नहीं भरेगा। यात्रियों को रिफ्रेशमेंट और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।'
वर्तमान की स्थिति
ताजा जानकारी के अनुसार, एअर इंडिया ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। एयरलाइन का कहना है कि विमान को सुरक्षित उड़ान भराने की हर संभव कोशिश की जा रही है और जैसे ही तकनीकी दिक्कत दूर होगी, उड़ान रवाना कर दी जाएगी।
