वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश का निधन; अमेरिका में इलाज के दौरान कार्डियक अरेस्ट से मौत

punjabkesari.in Thursday, Jan 08, 2026 - 06:40 AM (IST)

नेशलन डेस्कः वेदांता ग्रुप के चेयरमैन और देश के जाने-माने उद्योगपति अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का निधन हो गया है। वह 49 साल के थे। उनका इलाज अमेरिका में चल रहा था, जहां अचानक कार्डियक अरेस्ट आने से उनका देहांत हो गया। इस दुखद खबर की जानकारी खुद अनिल अग्रवाल ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने इस दिन को अपनी जिंदगी का सबसे बुरा दिन बताया।

स्कीइंग हादसे के बाद चल रहा था इलाज

अनिल अग्रवाल ने बताया कि कुछ समय पहले अग्निवेश अमेरिका में स्कीइंग के दौरान एक दुर्घटना का शिकार हो गए थे। इसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क के माउंट साइनाई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने लिखा कि इलाज के दौरान अग्निवेश की हालत में सुधार हो रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि वे ठीक हो जाएंगे लेकिन अचानक आए कार्डियक अरेस्ट ने सब कुछ छीन लिया।

“बेटे को खोने का दर्द शब्दों से परे है” – अनिल अग्रवाल

अनिल अग्रवाल ने अपनी पोस्ट में दिल को छू लेने वाले शब्द लिखे। उन्होंने कहा: “एक पिता के लिए अपने बेटे को विदा करना असहनीय होता है। यह ऐसा दुख है जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। एक बेटा अपने पिता से पहले नहीं जाना चाहिए।”

उन्होंने आगे लिखा: यह क्षति हमें पूरी तरह तोड़ चुकी है। हम अब भी समझने की कोशिश कर रहे हैं कि यह हमारे साथ कैसे हुआ। अग्निवेश सिर्फ मेरे बेटे नहीं थे, वे मेरे दोस्त थे। वे मेरा गर्व थे, मेरी पूरी दुनिया थे। उन्होंने कहा कि मैं और किरण (उनकी पत्नी) पूरी तरह टूट चुके हैं।

वेदांता के हजारों युवा भी मेरे बच्चे जैसे हैं

अपने दुख के बीच अनिल अग्रवाल ने वेदांता समूह से जुड़े लोगों की भी बात की। उन्होंने कहा: “हम खुद को यह याद दिलाते हैं कि वेदांता में काम करने वाले हजारों युवा भी हमारे ही बच्चे हैं।” उन्होंने बताया कि अग्निवेश को आत्मनिर्भर भारत पर पूरा विश्वास था। उनका मानना था कि: भारत में किसी चीज की कमी नहीं है, देश में अपार क्षमता और प्रतिभा मौजूद है।

समाजसेवा और सादा जीवन का संकल्प

अपने बेटे की याद में अनिल अग्रवाल ने कहा कि वे पहले की तरह अपनी आय का बड़ा हिस्सा समाजसेवा में लगाते रहेंगे। अब वे और भी सरल जीवन जीने का प्रयास करेंगे। उन्होंने परिवार, दोस्तों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों का आभार जताया, जिन्होंने इस कठिन समय में उनका साथ दिया। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा: “अग्निवेश हमारे दिलों में, हमारे काम में और उन सभी लोगों की जिंदगी में हमेशा जीवित रहेंगे, जिन्हें उन्होंने छुआ। मैं उनके प्रकाश को आगे बढ़ाने की कोशिश करता रहूंगा।”

कौन थे अग्निवेश अग्रवाल?

अनिल अग्रवाल ने अपने बेटे के जीवन के बारे में भी जानकारी दी:

  • जन्म: 3 जून 1976

  • जन्म स्थान: पटना, बिहार

  • पारिवारिक पृष्ठभूमि: एक मध्यमवर्गीय बिहारी परिवार

शिक्षा और करियर

  • मायो कॉलेज, अजमेर से पढ़ाई

  • फुजैराह गोल्ड की स्थापना की

  • हिंदुस्तान जिंक के चेयरमैन के रूप में भी अहम भूमिका निभाई

व्यक्तित्व

  • खेल और संगीत में गहरी रुचि

  • नेतृत्व क्षमता के लिए पहचाने जाते थे

  • बेहद सरल, संवेदनशील और मानवीय स्वभाव के इंसान थे


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News