बेहद शर्मनाक! 9वीं की छात्रा के साथ स्कूल में ही बैचमेट ने किया गैंग'रेप, फिर Video बनाकर सोशल मीडिया पर कर दिया Viral, पुलिस ने 6 को पकड़ा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 12:55 AM (IST)

नेशनल डेस्कः ओडिशा के बोलंगीर जिले से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 9वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ उसके ही बैच के सहपाठियों ने स्कूल के अंदर कथित तौर पर गैंगरेप किया। आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद यह मामला सामने आया।

यह घटना तुरेकेला थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इस जघन्य अपराध में पीड़िता के साथ पढ़ने वाले पांच नाबालिग छात्र शामिल हैं, जबकि एक और युवक भी इस मामले में आरोपी है। कुल मिलाकर छह लोगों पर गैंगरेप और वीडियो वायरल करने का आरोप लगा है।

वीडियो वायरल होने के बाद खुलासा

पीड़िता के एक रिश्तेदार ने सोशल मीडिया पर यह वीडियो देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बेटी को न्याय दिलाने की मांग करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही बोलंगीर के एसपी ने तुरेकेला पुलिस को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे लड़कों की पहचान की और सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया. इनमें से पांच आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

स्थानीय पुलिस ने पांच नाबालिग लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इन पर आरोप है कि उन्होंने बारी-बारी से छात्रा के साथ बलात्कार किया, उसका वीडियो बनाया और फिर उसे दूसरों के साथ साझा किया। हालांकि, पुलिस अभी तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि यह घटना स्कूल के किस हिस्से में हुई थी या किस जगह पर इसे अंजाम दिया गया. फिलहाल जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

एसपी का बयान

बोलंगीर के एसपी अबिलाश ने कहा कि पुलिस को पीड़िता के पिता से लिखित शिकायत मिली थी और वायरल वीडियो भी सामने आया था। उसी के आधार पर जांच शुरू की गई. वीडियो में दिख रहे लड़कों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

इलाके में आक्रोश

इस घटना के बाद पूरे इलाके में भारी गुस्सा और चिंता का माहौल है। लोग स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News