क्लब में डीजे पर गाने बदलने को लेकर बर्थडे पार्टी में भयानक हंगामा, कनाडा से लौटी युवती को बाल पकड़कर घसीटा...

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 09:22 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली-NCR के साथ सटे ग्रेटर फरीदाबाद स्थित ओमैक्स वर्ल्ड स्ट्रीट के एक क्लब में बर्थडे पार्टी के दौरान जमकर हंगामा हो गया। पुलिस के अनुसार, डीजे पर गाने बदलने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।

इस झगड़े के दौरान एक युवती के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट की गई। शिकायत में आरोप है कि उसे बाल पकड़कर घसीटा गया और पीटा गया। हालांकि पुलिस ने दो गुटों के बीच झगड़े की पुष्टि की है, लेकिन युवती के साथ मारपीट के आरोप की अभी जांच की जा रही है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़की दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश करती नजर आ रही है, लेकिन हालात बिगड़ते चले जाते हैं।

मामले में सेक्टर 21A के रहने वाले बिल्डर रमण ग्रोवर ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी मेहक के जन्मदिन के लिए क्लब वायु बुक किया था, जो उनके परिचित नीरज चिटकारा का है। मेहक कनाडा में पढ़ाई कर रही है और छुट्टियों में घर आई हुई थी।

ग्रोवर के मुताबिक, वह अपनी बेटी और उसकी दो सहेलियों को गुरुवार रात करीब 12 बजे क्लब छोड़कर घर लौट गए थे। कुछ देर बाद उनकी बेटी का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि क्लब में मौजूद कुछ युवक डीजे पर गाने बदलने को लेकर उससे बहस कर रहे हैं और बदसलूकी कर रहे हैं।

शिकायत में कहा गया है कि जब ग्रोवर मौके पर पहुंचे तो वैभव अरोड़ा और 10-12 अन्य लोगों ने उनकी बेटी और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की। आरोप है कि सिम्मी अरोड़ा नाम की एक महिला ने पहले उनकी बेटी को थप्पड़ मारा और फिर अपने परिचितों को बुलाकर हमला करवाया। इस दौरान युवती की हीरे की बालियां भी छीन ली गईं।

पुलिस ने इस मामले में वैभव अरोड़ा, ऋषित और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष क्लब मालिक को जानते हैं और घटना की सच्चाई जानने के लिए क्लब के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News