किसानों के खिलाफ टिप्पणी कर बुरी फंसी कंगना रनौत, मुंबई पुलिस के सामने हुईं पेश

punjabkesari.in Thursday, Dec 23, 2021 - 01:03 PM (IST)

मुंबई: अकसर अपनी बयानबाजी को लेकर सुर्खियों में छाई रहने वाली अभिनेत्री कंगना रनौत किसानों के खिलाफ टिप्पणी करने के मामले में वीरवार को मुंबई पुलिस के समक्ष पेश हुईं। अभिनेत्री के वकील ने यह जानकारी दी।
 

कंगना ने किसानों के आंदोलन को कथित तौर पर एक अलगाववादी समूह से जोड़ा था। कंगना सुबह करीब 11 बजे खार थाने पहुंचीं। एक सिख संगठन की शिकायत के बाद पिछले महीने खार थाने में कंगना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
 

कंगना के वकील रिज़वान सिद्दीकी ने बताया कि अभिनेत्री मामले में अपना बयान दर्ज कराने थाने पहुंचीं। पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया था। कंगना के वकील ने बंबई उच्च न्यायालय को बताया था कि वह 22 दिसंबर को खार पुलिस के समक्ष पेश होंगी। बुधवार को उनके वकील ने पेश होने के लिए दूसरी तारीख दिये जाने का अनुरोध किया था।
 

मुंबई पुलिस ने इससे पहले बंबई हाई कोर्ट को बताया था कि वह 25 जनवरी, 2022 तक कंगना को उनके सोशल मीडिया पोस्ट के लिए गिरफ्तार नहीं करेगी, जिसमें किसानों के विरोध प्रदर्शन को कथित तौर पर एक अलगाववादी समूह से जोड़ा गया था।
 

हाई कोर्ट ने कहा था कि इस मुद्दे में कंगना की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का बड़ा सवाल शामिल है और अदालत को उन्हें कुछ अंतरिम राहत देनी होगी। इसके बाद ही पुलिस ने यह बयान दिया था। कंगना ने इस महीने की शुरुआत में उच्च न्यायालय का रुख किया था और अपने खिलाफ खार थाने में दर्ज FIR करने का अनुरोध किया था।
 

अभिनेत्री के खिलाफ प्राथमिकी एक सिख निकाय के कुछ सदस्यों की शिकायत के बाद दर्ज की गई, जिसमें दावा किया गया है कि कंगना ने अपने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट के माध्यम से दिल्ली की सीमाओं पर हुए किसानों के आंदोलन को खालिस्तानी आंदोलन के रूप में पेश किया। पुलिस ने कंगना के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295-ए के तहत मामला दर्ज किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Recommended News

Related News