न्यूड फोटोशूट मामले में मुंबई के पुलिस स्टेशन पहुंचे एक्टर रणवीर सिंह, ढाई घंटे तक हुई पूछताछ

punjabkesari.in Monday, Aug 29, 2022 - 01:38 PM (IST)

नेशनल डेस्क: मुंबई पुलिस ने अपनी निर्वस्त्र तस्वीरें सोशल मीडिया मंच पर शेयर करने के मामले में सोमवार को एक्टर रणवीर सिंह का बयान दर्ज किया। एक गैर सरकारी संगठन (NGO) के पदाधिकारी की शिकायत के आधार पर चेंबूर थाने में सिंह के खिलाफ पिछले महीने एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने अभिनेता को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने को कहा था।

 

अधिकारी ने बताया कि अभिनेता सोमवार सुबह 7 बजे जांच अधिकारी के समक्ष पेश हुए और अपना बयान दर्ज करवाया। सिंह सुबह करीब साढ़े 9 बजे थाने से निकले। जरूरत पड़ने पर अभिनेता को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। NGO के एक पदाधिकारी ने शिकायत में आरोप लगाया था, ‘‘अभिनेता ने अपनी तस्वीरों से महिलाओं की भावनाओं को आहत किया और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाई है।''

 

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 292 (अश्लील किताबों आदि की बिक्री), 293 (युवाओं को अश्लील सामग्री की बिक्री), 509 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से कोई शब्द कहना, इशारा करना या किसी कृत्य को अंजाम देना) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की थी। रणवीर सिंह को ‘बाजीराव मस्तानी', ‘पद्मावत' और ‘गली बॉय' जैसी कई हिट फिल्मों में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए जाना जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Related News