क्रिकेट जगत से आई बड़ी खबर: IPL 2026 से पहले पूर्व क्रिकेटर गिरफ्तार... मुंबई पुलिस ने रैकेट का किया भंडाफोड़

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 10:13 AM (IST)

Sports Desk: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2026 सीजन का रोमांच शनिवार, 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने होंगी। लेकिन इस जश्न के बीच क्रिकेट जगत से एक ऐसी खबर आई है जिसने सबको हैरान कर दिया है। दरअसल, हाल ही में हुए T-20 वर्ल्ड कप के दौरान टिकटों की जो कालाबाजारी हुई थी, उसकी जांच की आंच अब मुंबई के क्रिकेट गलियारों तक पहुंच गई है।

मुंबई पुलिस ने टिकटों के एक बहुत बड़े रैकेट का खुलासा किया है, जिसका मुख्य चेहरा कोई अनजान व्यक्ति नहीं बल्कि मुंबई की अंडर-19 टीम का पूर्व खिलाड़ी बलवंत सिंह सोधा है। 26 वर्षीय सोधा, जो कभी मैदान पर चौके-छक्के लगाता था और बाद में कोचिंग दे रहा था, उसे पुलिस ने इस काले कारोबार के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच हुए हाई-प्रोफाइल सेमीफाइनल मैच के टिकटों को उसने और उसके साथियों ने ऊंचे दामों पर बेचा था।

अंधाधुंध कमाई और संगठित गिरोह
इस खेल में मुनाफ़ा इतना ज्यादा था कि टिकटों को 25,000 से लेकर 35,000 रुपये तक की भारी-भरकम कीमत पर ब्लैक किया गया। पुलिस अब तक इस मामले में कुल छह लोगों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गिरोह में स्पोर्ट्स टीचर और कॉलेज के गैर-शिक्षण कर्मचारी भी शामिल थे। शक की सुई मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के उन कॉम्प्लिमेंट्री पासों की तरफ घूम रही है, जो क्लब के सदस्यों और मेहमानों के लिए होते हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं पासों का फायदा उठाकर इन्हें बाजार में अवैध तरीके से खपाया गया।

सोशल मीडिया का जाल और पुलिसिया एक्शन
पकड़े गए आरोपियों ने ग्राहकों को फंसाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और सीधा संपर्क साधकर टिकट बेचे। फिलहाल बलवंत सिंह सोधा पुलिस की हिरासत में है और डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम इस बात की तह तक जाने में जुटी है कि इस सिंडिकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

बेंगलुरु में कड़ा पहरा: बिना टिकट न आएं पास
इस घटना से सबक लेते हुए बेंगलुरु पुलिस ने IPL के उद्घाटन मैच को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था ऐसी है कि परिंदा भी पर न मार सके। पुलिस ने साफ़ कर दिया है कि जिनके पास असली और वैध टिकट नहीं हैं, वे स्टेडियम के पास भी न फटकें। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महीनों से मॉक ड्रिल और प्लानिंग चल रही है। हालांकि, दर्शकों की सहूलियत के लिए मेट्रो और बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं, लेकिन सुरक्षा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News