जेल से बाहर आने के बाद भी नहीं सुधरा आरोपी शिक्षक, नाबालिग को शादी का झांसा देकर की दरिंदगी
punjabkesari.in Wednesday, Feb 12, 2025 - 11:33 AM (IST)
नेशनल डेस्क: अहमदाबाद में कोर्ट ने एक मामले में टीचर को दूसरी बार आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई है। इस शिक्षक पर पहले से ही दुष्कर्म का आरोप था और वो उम्रकैद की सजा काट रहा था। आरोपी ने फरलो पर बाहर आने के बाद उसने एक छात्रा को शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म कर प्रेग्नेंट कर दिया।
सीबीआई कोर्ट ने एक मामले में फैसला सुनाते हुए कहा कि आरोपी ने धोखे का इस्तेमाल किया और झूठ बोलकर एक मासूम के साथ प्यार का दिखावा किया। कोर्ट ने कहा कि आरोपी ने शिक्षक और छात्र के रिश्ते को बदनाम किया और अपना असली चेहरा छिपाया। जज ने यह भी कहा कि आरोपी ने इस अपराध को बिल्कुल उसी तरह अंजाम दिया, जैसे एक शिकारी शिकार को फंसाता है।
कोर्ट ने 52 साल के आरोपी पर 7 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। कोर्ट ने यह आदेश दिया कि इस फैसले को आरोपी के जेल रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए, ताकि अगर वह भविष्य में पैरोल या फरलो की मांग करे, तो यह ध्यान में रखा जाए कि उसने समाज को शर्मसार किया है। बता दें कि आरोपी एक शिक्षक था, जिसे 2014 में राजकोट जिले के पडाधरी से दो छात्राओं को भगाने और बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मार्च 2018 में उसे दोषी करार देते हुए उम्रभर की सजा सुनाई गई थी। तब से वह जेल में बंद है।
फरलो मिलने के बाद आरोपी ने अपना नाम धर्मेंद्र दवे रख लिया और इंग्लिश स्पीकिंग क्लासेस शुरु कर दी। 2018 में उसने एक छात्रा को अपने प्यार के जाल में फंसाया और नेपाल ले गया। इस दौरान उसने लड़की को शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए और गर्भवती कर दिया। पीड़िता ने झारखंड के जमशेदपुर में एक बच्चे को जन्म दिया। मामले में सीबीआई गुजरात हाईकोर्ट के आदेश पर पीड़िता के लापता होने की जांच कर रही थी।