दिल्ली में बड़ा हादसा: बाथरूम में गीजर ब्लास्ट से भीषण आग, 1 व्यक्ति की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 03:29 PM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली में एक इलेक्ट्रिक गीजर में विस्फोट के कारण घर में आग लगने से 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी घायल हो गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार शाम पांच बजे हजरत निजामुद्दीन इलाके में हुई। इसने बताया कि पुलिस को एक घर में भीषण आग लगने की सूचना मिली और एक टीम तुरंत मौके पर भेजी गई। पुलिस को घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला और वह दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ''बचाव अभियान के दौरान बाथरूम में मकान मालिक मोहम्मद सैयद निजामी और उनकी पत्नी फिदा निज़ामी (45) धुएं के कारण अचेत अवस्था में मिले।'' परिवार के बाकी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारी ने बताया कि दोनों को तुरंत मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने निजामी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी को होश आ गया और उनका उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
