हमारा लोकतंत्र आज गंभीर रूप से खतरे में...अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बोले आप नेता राघव चड्ढा

punjabkesari.in Friday, Mar 22, 2024 - 06:02 AM (IST)

नेशनल डेस्कः आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने के बाद बृहस्पतिवार रात उनके आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के पीछे एक ‘बड़ी साजिश' है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा पर उन्हें झुकाने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है। 

वहीं आप नेता राघव चड्ढा ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा,  भारत अघोषित आपातकाल के अधीन है। हमारा लोकतंत्र आज गंभीर रूप से खतरे में है। अरविंद केजरीवाल आगामी चुनावों से पहले गिरफ्तार होने वाले दूसरे लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित विपक्षी सीएम हैं। हम किस ओर जा रहे हैं? भारत ने एजेंसियों का इतना खुला दुरुपयोग पहले कभी नहीं देखा। यह कायरतापूर्ण कृत्य है और सबसे मजबूत विपक्षी आवाज को चुप कराने की एक घृणित साजिश है। 

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, लोकसभा चुनावों से ठीक पहले अरविंद केजरीवाल जी को गिरफ्तार करने की बहुत बड़ी साज़िश चल रही है। केजरीवाल जी के साथ करोड़ों लोगों का आशीर्वाद है, कोई बाल भी बाँका नहीं कर सकता। दिल्ली और पंजाब में हुए शानदार कामों की चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है। केजरीवाल के शरीर को गिरफ़्तार कर सकते हो लेकिन केजरीवाल की सोच को नहीं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News