आइसक्रीम के अंदर से निकली इंसान की कटी उंगली, ऑनलाइन ऑर्डर मिलने के बाद मचा हड़कंप

punjabkesari.in Thursday, Jun 13, 2024 - 04:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई के मलाड क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक लड़के ने दावा किया है कि उसके द्वारा ऑनलाइन ऑर्डर की गई आइसक्रीम कोन के अंदर एक कटी हुई इंसानी उंगली मिली है। लड़के ने इस घटना की तस्वीर साझा की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि उससे खाना भी नहीं खाया जा रहा है. वह खुद अपनी व्यथा बताने के लिए सामने आया है। जी हां, पीड़ित ब्रेंडन फेराव की आइस्क्रीम से कटी उंगली मिली है। 

आइसक्रीम में इंसानी उंगली मिलने का दावा
लड़के ने बताया कि उसने आधी से अधिक आइसक्रीम खा ली थी, लेकिन जब उसे कुछ गड़बड़ महसूस हुई, तो उसने देखा कि आइसक्रीम के अंदर एक इंसानी कटी हुई उंगली है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तहकीकात में यह बात सामने आई है कि आइसक्रीम कोन में वास्तव में इंसानी अंग है। पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आइसक्रीम में मिले अंग को फोरेंसिक लैब (FSL) भेजा है।

ऑनलाइन ऑर्डर से आया झटका
ओरलेम निवासी ब्रेंडन सेराओ (27) ने बुधवार को ऑनलाइन डिलीवरी ऐप के माध्यम से कोन आइसक्रीम का ऑर्डर दिया था। सेराओ, जो पेशे से MBBS डॉक्टर हैं, ने बताया कि आइसक्रीम के अंदर लगभग 2 सेमी लंबी इंसानी उंगली का टुकड़ा था। यह घटना तब हुई जब उनकी बहन ने ऑनलाइन डिलीवरी ऐप के माध्यम से किराने का सामान ऑर्डर किया था और उन्होंने उसमें तीन बटरस्कॉच कोन आइसक्रीम सम्मिलित करने के लिए कहा था। आइसक्रीम डिलीवर होने के बाद जब उन्होंने कोन खोला, तो उसमें उंगली का टुकड़ा मिला। 

पीड़ित ब्रेंडन फेराव ने कहा, ‘कल मैंने ऑनलाइन आइसक्रीम ऑर्डर की थी। जब मैं आइसक्रीम खा रहा था, तभी उंगली का एक बड़ा टुकड़ा मेरे मुंह में आया। मुझे लगा कि कोई नट्स होगा। मगर मुझे कुछ अजीब लगा। जब मैंने उसे बाहर निकाला तो देखा कि एक उंगली का टुकड़ा था। मैं एक डॉक्टर हूं तो मुझे पता है कि इंसान का मांस का टुकड़ा कैसा होता है। मैंने उस टुकड़े को तुरंत आइस में रखा और पुलिस को जानकारी दी। पता नहीं उस शख्स का ब्लड कितने आइस्क्रीम में मिक्स हो गया होगा। हमें पता नहीं कि उस आदमी को क्या-क्या बीमारी हो सकती है। मुझे अपने आप को चेक करवाना होगा। ब्लड टेस्ट करवानी होगी। मैं आइसक्रीम के बारे में सोचता भी हूं तो डर जाता हूं कि ऐसे कैसे हो सकता है।’

पुलिस की कार्यवाही
घटना की सूचना मिलते ही मलाड पुलिस सक्रिय हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस जगह पर आइसक्रीम बनाई और पैक की गई थी, वहां की भी तलाशी ली जाएगी। मलाड पुलिस ने सेक्शन 272 ,273 एंड 336 के तहत FIR दर्ज की है। इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि घटना की सच्चाई का पता लगाया जा सके। यह घटना शहरवासियों के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बन गई है। आइसक्रीम जैसी लोकप्रिय खाद्य सामग्री में इस तरह की लापरवाही से लोगों की सेहत और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही इस घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

बता दें कि ब्रेंडन फेराव ने जेप्टो ऐप के जरिए आइसक्रीम ऑर्डर की थी। आइसक्रीम वाली कंपनी का नाम है यम्मो आइसक्रीम। उन्होंने यम्मो अल्फांसो मैंगो आइसक्रीम ऑर्डर की थी, जिसकी कीमत 102 रुपए थी।इसके साथ उन्होंने चना दाल बेसन भी ऑर्डर किया था। टोटल बिल 253 रुपए का था। जब डिलीवरी हो गई तो उन्होंने आइसक्रीम खाने की सोची। जब वह आइसक्रीम खा रहे थे, तभी अचानक उनके मुंह में कटी उंगली आ गई। इसके बाद से ही वह सहमे हुए हैं।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mahima

Related News