बंद मकानों को बनाता था निशाना, 44 लाख रुपये के सोने के गहनों और नकदी के साथ शातिर चोर गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 01:06 AM (IST)
नेशनल डेस्कः नवी मुंबई के रहने वाले 26 साल के एक व्यक्ति को गुजरात के सूरत शहर में पुलिस ने हिरासत में लिया है। उस पर 44 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के गहने, नकदी और महंगी घड़ियां चुराने का आरोप है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सरोली थाना निरीक्षक एस आर वेकारिया के अनुसार, आरोपी कमलजीतसिंह बंगू को सूचना के आधार पर बुधवार को सूरत में एक पुलिस जांच चौकी के पास रोका गया। उसके पास से चोरी का 44,12,620 रुपये का सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में सोने के आभूषण, नकदी, एक मोबाइल फोन और दो कलाई घड़ियां शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद की गई कीमती वस्तुएं मुंबई के एमएचबी कॉलोनी थाने में दर्ज चोरी के छह ऐसे मामलों से जुड़ी हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो पाया था। वेकारिया ने कहा कि बंगू ने एमएचबी कॉलोनी थाना क्षेत्र की एक आवासीय सोसाइटी में बंद पड़े दो मकानों में चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ सात प्राथमिकी दर्ज हैं, और जांच के लिए उसे मुंबई की एमएचबी कॉलोनी थाना पुलिस को सौंपा जाएगा।
CCTV में कैद हुआ था आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमलजीत सिंह उर्फ शनी सिंह कुलजीत सिंह गुरदीप सिंह बग्गू (26) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है और फिलहाल नवी मुंबई तथा सायन कोलीवाड़ा, मुंबई में रहता है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह वर्ष 2017 से 2025 के बीच मुंबई के धारावी, जोगेश्वरी, कालाचौकी, खेरवाड़ी, माहिम और RCF थाना क्षेत्रों में चोरी और घरफोड़ियों के मामलों में पकड़ा जा चुका है। पूछताछ में आरोपी ने मुंबई के MHB कॉलोनी इलाके में लक्ष्मीनारायण सोसाइटी के दो बंद मकानों समेत कुल छह घरों में सेंधमारी कर चोरी करने की बात स्वीकार की है। इन वारदातों के दौरान वह सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों में भी कैद हुआ था। सूरत पुलिस ने मुंबई पुलिस से संपर्क कर उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई है।
