UP : ब्रेक फेल ट्रक बना काल, टक्कर से बोलेरो में जिंदा जल गए 11 लोग, पूरे इलाके में शोक की लहर

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 05:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह हादसा थाना क्षेत्र के ड्रमण्डगंज पहाड़ी पर बड़का मोड़ पर उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो और एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बोलेरो में आग लग गई जिससे उसमे सवार कोई भी यात्री बाहर नहीं निकल सका। इस बीच एक अन्य कार में सवार चालक की भी मौत हो गई।

उन्होने बताया कि रात करीब 20:20 बजे थाना ड्रमण्डगंज क्षेत्रान्तर्गत बड़का घुमान के पास एक ट्रक ने पीछे से स्विफ्ट कार और बोलेरो व ट्रेलर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो व स्विफ्ट कार में आग लग गई। इस दौरान बोलेरो सवार कुल 09 लोग जिनमें चार बच्चे भी शामिल है की मृत्यु हो गई। हादसे में ट्रक चालक की भी मृत्यु हो गई, जिनके शवों को बाहर निकाल लिया गया है जबकि स्विफ्ट चालक के शव को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

सूत्रों के अनुसार, घटना मिर्जापुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। मध्य प्रदेश की ओर से चना लादकर आ रहा ट्रक संभवत: ब्रेक फेल होने के कारण घाटी उतर रही बोलेरो से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई और आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस बीच ट्रक की टक्कर से कार सवार की भी मौत हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बोलेरो में सवार कोई भी व्यक्ति बाहर नहीं निकल सका और सभी वाहन के अंदर ही फंस गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सभी सवारों की जलकर मौत हो चुकी थी। सभी मृतक जिगना के आस पास तथा, सोनभद्र जिले के बताए जा रहे हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अर्पणा कौशिक भी मौके पर मौजूद है। घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News