बड़ी संख्या में बच्चे नजर कमजोर की समस्या से पीड़ित, इन सावधानियों और फॉर्मूले की मदद से होगी सुरक्षित

punjabkesari.in Thursday, May 30, 2024 - 12:26 PM (IST)

नेशनल डेस्क : डब्ल्यूएचओ के हाल ही में जारी आंकड़ों, के अनुसार इस समय दुनियाभर में लगभग 200 करोड़ लोग दूर की नजर कमजोर होने की समस्या से पीड़ित हैं। इनमें बड़ी संख्या में बच्चे हैं। तकनीकी भाषा में इसे मायोपिया या निकट दृष्टि दोष कहते हैं। इसमें पीड़ित को पास की वस्तु साफ दिखाई देती है जबकि दूर की वस्तु देखने में समस्या होती  है।

हाल ही में हुए एक अध्ययन में पाया गया कि 2030 तक 5 से 15 साल का हर तीसरा भारतीय बच्चा इससे पीड़ित होगा। मायोपिया तब होता है, जब आंख की पुतली बहुत लंबी हो जाती है या कार्निया (आंखों की सबसे बाहरी सुरक्षात्मक परत) की परेशानी बहुत बढ़ जाती है। इससे जो रोशनी आंखों में प्रवेश करती है वो ठीक प्रकार से फोकस नहीं होती है, जिससे प्रतिबिंब रेटिना के थोड़ा आगे फोकस होते हैं। इससे नजर धुंधली हो जाती है। हालांकि अधिकांश मामलों में इसे ठीक किया जा सकता है, लेकिन यदि समय रहते ठीक न किया जाए तो आंखों की रोशनी तक जा सकती है। बच्चों का घरों से बाहर न निकलना, लगातार बढ़ता स्क्रीन टाइम इसके प्रमुख कारण हैं-

PunjabKesari

बच्चे को कम से कम 2 घंटे बाहर जरूर खिलाएं-

6 साल या अधिक की उम्र के बच्चे कम से कम 2 घंटे बाहर जरूर खेलें। सूरज की रोशनी घर के अंदर की किसी भी प्रकार की रोशनी से अधिक चमकीली होती है, जिससे आंखों के विकास में मदद मिलती है। वहीं वहीं जब सूरज की रोशनी रेटिना के संपर्क में आती है तो इससे आंखों में डोपामाइन रिलीज होता है। यह आंखों को बहुत लंबा होने से रोकता है, जिससे मायोपिया की आशंका कम होती है। यह खेलकूद बच्चों का स्क्रीन टाइम घटाने में भी मदद करता है।

 विटामिन डी की कमी न होने दें-

विटामिन डी में ऐसे गुण पाए जाते हैं जो आंखों की पुतली को लंबा होने से रोकते हैं। इससे बच्चों में आंखों से संबंधी समस्या की आशंका कम होती है। इसके लिए उन्हें गाय का दूध, अंडे जैसे आहार दे सकते हैं

ये 3 फॉर्मूले आंखों के लिए फायदेमंद-

आंखों के आराम के लिए 20:20:20 फॉर्मूला-

स्क्रीन पर 20 मिनट तक देखने के बाद लगभग 20 मीटर दूर स्थित किसी वस्तु जैसे कि खिड़की, दरवाजा, पेड़ या फिर सड़क के दूसरी तरफ स्थित बिल्डिंग को 20 सेकंड तक देखें। अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑफ्थेमोलॉजी के अनुसार आंखों को पूरी तरह रिलैक्स होने में 20 सेकंड का समय लगता है।

PunjabKesari

 तनाव को घटाता है फिंगर टेस्ट-

आंखों से कुछ इंच की दूरी पर एक उंगली रखें। उस पर फोकस करें। । अब धीरे-धीरे उंगली को दूर ले जाएं। उंगली पर फोकस बनाए रखें। अब धीरे-धीरे उंगली को पूर्व की स्थिति में ले आएं। इसे बारी-बारी से दोनों आंखों से करें। यह आंखों को होने वाले तनाव को कम करता है।

 ड्रायनेस कम करता है फिगर 8 फॉर्मूला-

कुर्सी पर बैठ जाएं। अब 8 से 10 फीट की दूरी पर 8 के आकार के एक बड़े से चित्र की कल्पना करें। अब इस काल्पनिक चित्र पर 30 सेकंड तक 8 के आकार में आंखों को घुमाएं। दिशा बदलकर इसे 30 सेकंड तक फिर करें। यह एक्सरसाइज आंखों की ड्रायनेस, धुंधला दिखाई देना, आंखों की समस्या के कारण होने वाले सिरदर्द आदि में आराम पहुंचाती है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News