बेरहमी से 21 साल की लड़की का किया कत्ल, पेड़ से लटकी मिली लाश!
punjabkesari.in Friday, May 20, 2016 - 07:10 PM (IST)
गुमला: झारखंड के भरनो इलाके में शुक्रवार सुबह पेड़ से लटकी एक लड़की की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। भरनो शहर की रहने वाली 21 साल की इस लड़की के शरीर पर गोली मारने के निशान हैं। पुलिस का मानना है कि लड़की को पेड़ से लटकाने के बाद गोली मारी गई है। पुलिस के मुताबिक, लड़की के परिजनों ने एक साल पहले उसके ब्वॉयफ्रेंड पर उसे भगाकर ले जाने और एमएमएस बनाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया था।
एकतरफा प्यार का मामला
बताया जा रहा है कि उसे भगाकर ले जाने और एमएमएस बनाने के आरोप में लड़के को जेल की सजा हुई थी। फिलहाल वो जमानत पर बाहर है। पुलिस हत्या के पीछे एकतरफा प्यार का मामला मान रही है। लाश जेरकोडिप्पा में मिली। परिजनों का कहना है कि वो किसी के बुलाने पर बीती देर रात अपने घर से निकली थी और यहां तक आई। सुबह जब परिजनों ने उसे घर में नहीं देखा तब मामले की जानकारी हुई।
हत्या में दो-तीन लोग शामिल
वहीं, पुलिस के मुताबिक, लड़की की हत्या में दो-तीन लोग शामिल हो सकते हैं। लड़की के पैरों पर जख्म के निशान हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्यारों ने पहले उसे घसीटते हुए पेड़ से लटकाया और फिर गोली मार दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही जांच आगे बढ़ पाएगी।