पाकिस्तानी नागरिकता और फर्जी दस्तावेज के आरोप में मां-बेटी के खिलाफ मामला दर्ज, एक गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 11:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क : मेरठ में एक महिला और उसकी बेटी के खिलाफ पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने और वैध नागरिकता के बिना देश में रहने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी और बताया कि मामले में एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली गेट थाना क्षेत्र की निवासी रुकसाना नामक महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षक (नगर) को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि जली कोठी स्थित नादिर अली बिल्डिंग में रहने वाली सबा फरहत ने 1988 में पाकिस्तान जाकर पाकिस्तानी नागरिक फरहत मसूद से निकाह किया था। शिकायत में कहा गया है कि 1993 में पाकिस्तान में जन्मी उनकी बेटी ऐमन फरहत को पाकिस्तानी पासपोर्ट पर भारत लाया गया और बाद में उसे यहां एक स्कूल में दाखिला दिलाया गया, लेकिन भारतीय नागरिकता नहीं दिलाई गई।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित महिला ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेटी का पासपोर्ट बनवाया तथा अपने नाम से दो अलग-अलग पहचान पत्र बनवाए। पुलिस ने बताया कि शिकायत में कथित तौर पर पाकिस्‍तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने और गोपनीय सूचनाएं एकत्र करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडेय ने बताया कि शिकायत की जांच पुलिस अधीक्षक (नगर) से कराई गई थी।

प्रारंभिक जांच में कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाने के साक्ष्य मिलने के बाद दिल्ली गेट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सोमवार को सबा फरहत को गिरफ्तार कर लिया और अधिकारियों ने बताया कि उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News