मणिपुर में हथियार और खसखस से भरे बोरे बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 11:22 AM (IST)

नेशनल डेस्क: मणिपुर के चुराचंदपुर जिले में सुरक्षा बलों ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार और खसखस से भरे बोरे बरामद किए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक बयान के अनुसार, आरोपियों को शुक्रवार को चूड़ाचांदपुर थाना क्षेत्र के टी बंगला एमवीसीपी इलाके से गिरफ्तार किया गया। बयान के मुताबिक, उनके पास से एक कार्बाइन, नौ मिमी की एक पिस्तौल, 1,800 किलोग्राम खसखस से भरे 36 बोरे और दो वाहन जब्त किए गए।

वहीं, एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने चंदेल जिले के चकपिकारोंग थाना क्षेत्र में ताइजांग गांव के वन क्षेत्र से हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा भी बरामद किया। बरामद किए गए सामान में एके-47 राइफल, मैगजीन सहित चार देसी बंदूकें, सात मोर्टार, आईईडी बनाने से संबंधित सामग्री और पांच वॉकी-टॉकी सेट शामिल हैं। मणिपुर में दो वर्ष पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद से ही सुरक्षा बल राज्य में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। मई 2023 में मणिपुर में मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच हुई जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए थे और हजारों लोग बेघर हो गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News