बिजली के खंभे से टकराने के बाद कार में लगी भीषण आग, जिंदा जले 6 लोग
punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 04:28 PM (IST)
मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में शामली राजमार्ग पर एक कार के बिजली के खंभे से टकराने के बाद उसमें आग लग गई, जिससे छह लोग जिंदा जल गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अक्षय संजय ने पत्रकारों को बताया, ''सूचना मिलने पर दमकल टीम के साथ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।'' उन्होंने बताया कि कार में सवार लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शुरूआती जानकारी के अनुसार ये लोग कार से हरियाणा के हिसार से हरिद्वार जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार में आग लगने के बाद उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। पुलिस के मुताबिक जो जिंदा जल गए थे, उनकी पहचान हरियाणा के हिसार के राहुल (22), अंकित (21), साहिल (ड्राइवर, 22), अजय (22), एक र्ओर अंकित (22) और अमन (19) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक उनकी कार पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर तितवी थानाक्षेत्र में जगाहेड़ी गांव के पास तड़के चार बजे 'डिवाइडर' और बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई और उसमें आग लग गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने पत्रकारों को बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची एवं बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा कि सभी छह लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। आशंका है कि तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर तथा बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई।
