दिल्ली के मंगोलपुरी की जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 4 लोगों की मौ'त
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 06:14 AM (IST)
नई दिल्लीः उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक में शुक्रवार रात जूता बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में रात नौ बजकर 32 मिनट पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा ने दमकल की 20 गाड़ियों को मौके पर भेजा।
पुलिस के अनुसार, फैक्टरी के अंदर से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अन्य दो लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।
फैक्ट्री मालिक को बुलाया गया
पुलिस उपायुक्त (बाहरी जिला) विक्रम सिंह ने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को बुलाया है और ठेकेदार-कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय वहां कितने मजदूर मौजूद थे।सिंह ने कहा, ‘आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आग बेसमेंट में लगी थी, जिसके बाद आग और धुआं ऊपर की मंजिलों तक फैल गया।’ अधिकारी इस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच कर रहे हैं। अभी और जानकारी का इंतजार है।
