बड़ी आतंकी साजिश हुई नाकाम: पाक ISI और अंडरवर्ल्ड से जुड़े 9 संदिग्ध गिरफ्तार, दिल्ली-मुंबई दहलाने की थी योजना

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 03:33 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े राष्ट्रविरोधी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। स्पेशल सेल ने 9 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, पकड़े गए इन संदिग्धों के तार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड के कुछ गुर्गों से जुड़े हुए हैं। ये आरोपी राजधानी दिल्ली, मुंबई सहित देश के कई अन्य महानगरों के महत्वपूर्ण ठिकानों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की फिराक में थे।

 भारी मात्रा में हथियार हुए बरामद

सुरक्षा बलों को मिली खुफिया जानकारी के अनुसार देश में कुछ संदिग्ध सुरक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाना चाहते थे। इसके चलते दहशत का माहौल पैदा करने के लिए बड़े हमलों की साजिश रच रहे हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से भारी तादाद में अवैध हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं, जिनमें अत्याधुनिक पिस्तौलें और हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि ये सभी आरोपी सीमा पार बैठे अपने पाकिस्तानी आकाओं (हैंडलर्स) के सीधे संपर्क में थे और वहीं से इन्हें हमलों के संभावित ठिकानों (टारगेट्स) की सूची और निर्देश मिल रहे थे।

कई राज्यों से जुड़े हैं तार

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए संदिग्धों का जाल कई राज्यों में फैला हुआ है। हिरासत में लिए गए लोग दिल्ली, महाराष्ट्र और पंजाब के रहने वाले हैं। इसके अलावा, इस मॉड्यूल में कुछ विदेशी नागरिकों के शामिल होने की भी बात सामने आ रही है, जिनकी पहचान और नागरिकता को लेकर पुलिस अभी जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस मॉड्यूल के मुंबई अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि आतंकियों को हथियार, फंडिंग (लॉजिस्टिक्स) और छिपने के ठिकाने मुहैया कराने के लिए इस आपराधिक नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News