8th Pay Commission का बड़ा तोहफा: लेवल-1 से लेवल-4 तक मिलेगा 5.10 लाख से 8.01 लाख रुपये तक भारी-भरकम एरियर
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 05:37 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश के लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार द्वारा 8वें वेतन आयोग के गठन की आधिकारिक अधिसूचना जारी करने के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वेतन में कितनी बढ़ोतरी होगी और एरियर की राशि कितनी मिलेगी। यदि सरकार 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों को 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानती है और इसे वास्तविक रूप से 2027 में लागू किया जाता है, तो कर्मचारियों के बैंक खातों में लाखों रुपये का एरियर (बकाया राशि) एकमुश्त आ सकता है।
8th Pay Commission का औपचारिक गठन और प्रभाव
केंद्र सरकार ने 3 नवंबर 2025 को एक आधिकारिक संकल्प के जरिए 8th Pay Commission के गठन की अधिसूचना जारी की थी। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी द्वारा राज्यसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, यह आयोग अब अस्तित्व में आ चुका है। 7वें वेतन आयोग के लगभग दस साल बाद गठित यह नया आयोग न केवल केंद्रीय कर्मचारियों, बल्कि रक्षा कर्मियों, ऑल इंडिया सर्विसेज के अधिकारियों और लाखों पेंशनभोगियों के वेतन व पेंशन ढांचे में बड़ा सुधार करेगा।
कब तक मिल सकता है नया वेतन और एरियर?
आयोग की सिफारिशें तकनीकी रूप से 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की उम्मीद है। हालांकि, रिपोर्ट तैयार करने और उसे लागू करने की प्रक्रिया में समय लगने के कारण इसे 2027 में जमीन पर उतारा जा सकता है। ऐसी स्थिति में कर्मचारियों को 12 से लेकर 20 महीने तक का एरियर मिल सकता है। इसका मतलब यह है कि 1 जनवरी 2026 से लेकर वास्तविक क्रियान्वयन की तारीख तक के पुराने और नए वेतन के बीच का पूरा अंतर सरकार कर्मचारियों को एकमुश्त भुगतान करेगी।
Salary में कितनी होगी वृद्धि और एरियर का संभावित हिसाब?
विशेषज्ञों का अनुमान है कि 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर को 2.57 के आसपास रखा जा सकता है, जिससे कर्मचारियों के वेतन में 30 से 50 प्रतिशत तक का उछाल आ सकता है। संभावित गणना के आधार पर विभिन्न स्तरों के कर्मचारियों को मिलने वाला एरियर कुछ इस प्रकार हो सकता है:-
लेवल-1 कर्मचारी: लगभग 3.60 लाख से 5.65 लाख रुपये तक का एरियर।
लेवल-2 कर्मचारी: लगभग 3.98 लाख से 6.25 लाख रुपये तक की बकाया राशि।
लेवल-4 कर्मचारी: लगभग 5.10 लाख से 8.01 लाख रुपये तक का भारी-भरकम एरियर।
यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि ये आंकड़े संभावित गणनाओं पर आधारित हैं और अंतिम राशि आयोग की रिपोर्ट व सरकार की अंतिम मंजूरी के बाद ही तय होगी।
कैसे होती है एरियर की गणना?
एरियर निकालने का तरीका काफी स्पष्ट है। इसके लिए सबसे पहले कर्मचारी की पुरानी बेसिक सैलरी और नई प्रस्तावित बेसिक सैलरी के बीच का अंतर निकाला जाता है। फिर उस अंतर को उन महीनों की संख्या से गुणा किया जाता है जितने समय से वेतन वृद्धि लंबित है। इसके अलावा, चूंकि महंगाई भत्ता (DA) बेसिक सैलरी के आधार पर तय होता है, इसलिए नई Basic Salary बढ़ने से DA का अंतर भी एरियर की कुल राशि में जुड़ जाता है। इस प्रकार कर्मचारियों को मूल वेतन और भत्तों, दोनों का संयुक्त लाभ मिलता है।
महंगाई के दौर में बड़ी राहत
लगातार बढ़ती महंगाई और जीवनयापन की लागत को देखते हुए केंद्रीय कर्मचारी लंबे समय से वेतन संशोधन की मांग कर रहे थे। 8वें वेतन आयोग के गठन से यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम बढ़ा दिए हैं। हालांकि अंतिम सिफारिशों में अभी वक्त लगेगा, लेकिन प्रक्रिया शुरू होने से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों में उत्साह की लहर है।
