800 फ्लाइट्स लेट होने से यात्रियों में मची अफरा-तफरी! दिल्ली एयरपोर्ट पर देरी के बाद एडवाइजरी जारी, जानें क्या है ताजा अपडेट

punjabkesari.in Saturday, Nov 08, 2025 - 11:48 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़ी तकनीकी खराबी के बाद अब उड़ान संचालन सामान्य होने लगा है। शनिवार, 8 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इस पर बड़ा अपडेट जारी करते हुए कहा कि तकनीकी समस्या लगभग ठीक कर ली गई है और अब फ्लाइट्स धीरे-धीरे अपने निर्धारित समय पर चल रही हैं।

एयरपोर्ट ने यात्रियों को दी सलाह
दिल्ली एयरपोर्ट ने अपने आधिकारिक बयान में कहा “एयर ट्रैफिक कंट्रोल की उड़ान योजना प्रक्रिया में मदद करने वाला ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। सभी संबंधित अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।” एयरपोर्ट ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी फ्लाइट की ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क बनाए रखें और यात्रा से पहले अपडेट की जांच जरूर करें।

800 से अधिक उड़ानें हुईं प्रभावित
गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक हुई तकनीकी गड़बड़ी के कारण करीब 800 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। इस दौरान देश और विदेश से आने-जाने वाली कई उड़ानें या तो देरी से रवाना हुईं या अस्थायी रूप से रोकी गईं। यह समस्या AMSS (Automatic Message Switching System) में आई थी, जो उड़ान संचालन का एक अहम हिस्सा है। यह सिस्टम पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच जरूरी सूचनाओं का आदान-प्रदान करता है। सिस्टम के अचानक बंद होने से उड़ानों की प्लानिंग और क्लियरेंस में दिक्कतें आने लगीं।
 

यात्रियों को हुई भारी परेशानी
तकनीकी खराबी की वजह से शुक्रवार सुबह तक यात्रियों को लंबी कतारों और देरी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स छूट गईं, जबकि कुछ को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा। स्थिति इतनी गंभीर थी कि औसतन हर उड़ान में 45 मिनट तक की देरी दर्ज की गई।

देश का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट
दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भारत का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। यहां से रोजाना लगभग 1500 फ्लाइट्स का संचालन होता है। ऐसे में किसी भी तकनीकी रुकावट का असर हजारों यात्रियों पर पड़ता है। फिलहाल एयरपोर्ट अथॉरिटी ने साफ किया है कि सिस्टम की दिक्कत अब लगभग पूरी तरह हल हो चुकी है और जल्द ही सभी उड़ानें अपने सामान्य समय पर चलने लगेंगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News