IGI एयरपोर्ट पर CISF की बड़ी कार्रवाई, मिला लाखों की दवाओं का जखीरा

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 06:39 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की सतर्कता से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। CISF कर्मियों की सूझबूझ और व्यवहार आधारित जांच (Behavioral Profiling) के आधार पर एक अंतरराष्ट्रीय यात्री को रोका गया, जिसके पास बड़ी मात्रा में दवाएं और फार्मास्युटिकल उत्पाद पाए गए।

उड़ान भरने से पहले पकड़ाया

जानकारी के अनुसार, यह यात्री दिल्ली से अदीस अबाबा (इथियोपिया) जाने वाली उड़ान पकड़ने वाला था। स्क्रीनिंग के दौरान CISF जवानों को यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसकी जांच की गई। यात्री के सामान की कस्टम अधिकारियों की मौजूदगी में गहन जांच की गई। जांच के दौरान उसके पास से 19 अलग-अलग प्रकार की दवाएं और फार्मास्युटिकल उत्पाद बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत करीब ₹35.97 लाख बताई गई है।

नहीं मिला वैध दस्तावेज

पूछताछ के दौरान यात्री बरामद दवाओं को ले जाने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही कोई संतोषजनक जवाब दे पाया। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए यात्री को बरामद सामग्री और उसके सामान सहित कस्टम अधिकारियों को सौंप दिया गया। CISF ने बताया कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार सतर्क निगरानी, आधुनिक जांच तकनीकों और व्यवहार आधारित प्रोफाइलिंग का इस्तेमाल किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों के बेहतर तालमेल से एयरपोर्ट सिक्योरिटी मजबूत हो रहा है।

संदिग्ध गतिविधि पर नजर

एविएशन सिक्योरिटी में CISF की भूमिका यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों को रोकना भी है। सहयोगी एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है। यह कार्रवाई एक बार फिर दिखाती है कि एयरपोर्ट सुरक्षा में तैनात जवानों की सतर्कता और अनुभव किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते पकड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Rana

Related News