आजादी के 75 साल: केजरीवाल ने 75 जगहों पर लहराया 115 फीट ऊंचा तिरंगा, बोले- इसे बार-बार देखने पर जागेगी देशभक्ति
punjabkesari.in Thursday, Jan 27, 2022 - 01:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि तिरंगे को बार-बार देखने से लोगों के अंदर देशभक्ति की भावना को बढ़ावा मिलेगा। केजरीवाल ने दिल्ली में 115 फुट का तिरंगा फहराने के बाद कहा कि दिल्ली सरकार ने देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में यहां शहर भर में 75 स्थानों पर 115 फुट का तिरंगा फहराया है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ महीने में 500 स्थानों पर तिरंगा लगाया जाएगा।
केजरीवाल ने कहा कि तिरंगे लगाने का मक़सद यह है कि जब कोई अपने घर से बाहर या दफ़्तर जाने के लिए निकले तो उसे रास्ते में दो तीन बार तिरंगा दिखे। तिरंगा देखने से देशभक्ति की भावना जाग़े। बार-बार देखने से तिरंगा देश भक्ति की याद दिलाएगा तथा देश को आज़ादी दिलाने के लिए क़ुर्बानी देने वालों की याद दिलाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा ऊपर जाता देखकर दिल खुश हो रहा है और उम्मीद है कि हमारा तिरंगा हमेशा ऊंचा रहे। इससे पहले दिल्ली के पाँच स्थानों पर 115 फुट का तिरंगा लगाया गया है जिनमें पूर्वी किदवई नगर, रानी बाग, पूर्वी विनोद नगर, कालकाजी और द्वारका शामिल हैं।