सत्य निकेतन इमारत के मलबे से 12 लोग निकाले गये, फंसे लोगों की सटीक संख्या पता नहीं: NDRF

punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 01:12 PM (IST)

नई दिल्लीः राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने सोमवार को बताया कि दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन में एक दिन पहले इमारत ढहने की घटना के बाद बचाव एजेंसियों ने अब तक मलबे से 12 लोगों को बाहर निकाला है, जबकि मलबे के नीचे फंसे लोगों की सटीक संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है। यह बचाव अभियान सोमवार को भी दिनभर जारी रहने की उम्मीद है।

एनडीआरएफ के महानिरीक्षक (आईजी) नरेंद्र बुंदेला ने कहा कि केंद्रीय आपदा मोचन बल के पास मलबे के नीचे फंसे लोगों की संख्या को लेकर ''कोई निश्चित आंकड़ा'' नहीं है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ घटनास्थल पर लोगों के जिंदा होने के संकेतों की तलाश के लिए कटर, हाइड्रोलिक जैक और प्रशिक्षित श्वान दलों का इस्तेमाल कर रहा है। रविवार से ही एनडीआरएफ की दो तकनीकी टीम घटनास्थल पर तैनात हैं।

पुलिस ने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है। बुंदेला के अनुसार, एनडीआरएफ और दिल्ली सरकार की सहयोगी एजेंसियों द्वारा चलाया जा रहा बचाव अभियान सोमवार देर रात तक जारी रहने की संभावना है। दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर के पास स्थित यह आवासीय इमारत लड़कों के लिए पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे मरम्मत का काम चलने के दौरान इमारत ढह गई थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News