सड़क निर्माण स्थल पर आग लगने से 7 लोगों की मौत, मची चीख पुकार
punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 12:03 AM (IST)
नेशनल डेस्क : आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामराजू जिले में एक सड़क निर्माण स्थल पर शनिवार को पिकअप ट्रक में डीजल भरते समय आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने बताया कि यह घटना अनंतगिरि मंडल के पिनाकोटा गांव में सड़क निर्माण स्थल पर हुई।
उन्होंने कहा कि यह स्थान दूरदराज इलाके में होने के कारण श्रमिक वाहनों में ईंधन भरने के लिए आमतौर पर ड्रम में डीजल लाते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रक की टंकी में डीजल भरते समय श्रमिकों ने संभवतः पर्याप्त सावधानी नहीं बरती और किसी चिंगारी के कारण आग लग गई।
बरदार ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा कि हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ। आग सबसे पहले पिकअप ट्रक में लगी और फिर पास में खड़े एक डंपर ट्रक तथा दोपहिया वाहन तक फैल गई। तीनों वाहन पूरी तरह जल गए।
'पीटीआई वीडियो' के अनुसार, आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे मृतकों के अंग घटनास्थल पर इधर-उधर बिखर गए। एक शव वाहन के अंदर मिला, जबकि दो अन्य शव पास में पाए गए। बरदार ने बताया कि पिकअप ट्रक सड़क निर्माण का काम कर रहे ठेकेदार का था।
