1971 युद्ध की 50वीं वर्षगांठ: बांग्लादेश पहुंचे भारतीय नौसेना के जहाज, शहीद सैनिकों को देंगे श्रद्धांजलि

punjabkesari.in Tuesday, Mar 09, 2021 - 02:00 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत ने 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को धूल चटाई थी और इसके बाद बांग्लादेश के रूप में एक नए देश का जन्म हुआ। इस साल भारत को 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत के 50 साल पूरे होने वाले हैं। इस मौके पर भारतीय नौसेना के जहाज सोमवार को बांग्लादेश के बंदरगाह शहर मोंगला में तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। भारतीय नौसेना के जहाज 8 से 10 मार्च तक तीन दिनों के बांग्लादेश दौरे पर हैं। बता दें कि इस साल बांग्लादेश का 50वां स्वतंत्रता दिवस भी है।

 

बांग्लादेश में मौजूद भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया कि मुजीब बोरशो और 1971 के संयुक्त स्मारक का जश्न, नेवल ऑफिसर-इन-चार्ज आंध्र प्रदेश और कमांडर एमवी राजू भारतीय जंगी जहाज INS कुलिश और INS सुमेधा के साथ मोंगला पहुंचे। उनके यहां पहुंचने पर बांग्लादेश नौसेना ने एक समारोह के जरिए जहाजों का स्वागत किया। वहीं भारतीय नौसेना ने कहा कि 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के 2021 में 50 साल पूरे होने पर ‘स्वर्णिम विजय वर्ष’ मनाया जाएगा। 

 

पहली बार बांग्लादेश दौरे पर भारतीय नौसेना के जहाज
यह पहली बार है जब  भारतीय नौसेना के जहाज बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह पहुंचे हैं। अपनी यात्रा के दौरान नौसेना शहीद बांग्लादेशी और भारतीय सैनिकों के साथ-साथ नागरिकों को भी श्रद्धांजलि देगी जिन्होंने 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान अपनी जान गंवाई थी। वहीं बांग्लादेश पहुंचने पर नौसेना ने कहा कि हम क्षेत्र में शांति और स्थिरता रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नौसेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा व्यक्त किए गए और ‘सागर-सुरक्षा और क्षेत्र में सभी के लिए विकास’ की बात भी दोहराई। बता दें कि इसी महीने के आखिर में पीएम नरेंद्र मोदी भी बांग्लादेश के दौरे पर आने वाले हैं। कोरोना काल के बाद पीएम मोदी का यह पहला विदेश दौरा है। 1971 में हुए युद्ध में पाकिस्तान के 90 हजार सैनिकों ने भारतीय सेना के आगे आत्मसमर्पण किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News