पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में 4 महिलाओं की मौत; 9 गंभीर घायल, दर्दनाक मंजर देख कांप उठी रूह

punjabkesari.in Monday, Jun 16, 2025 - 07:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका हो गया। इस दर्दनाक हादसे में चार महिला मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ महिला मजदूर और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) समेत पूरा प्रशासनिक दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। बचाव कार्य (रेस्क्यू ऑपरेशन) फौरन शुरू किया गया और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में जान गंवाने वाली महिला मजदूरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

यह हादसा रजबपुर थाना क्षेत्र के अतरासी गांव के पास एक पटाखा फैक्ट्री में उस वक्त हुआ, जब 15 से ज्यादा महिला और पुरुष मजदूर पटाखों की पैकिंग कर रहे थे। तभी अचानक पटाखों में जोरदार विस्फोट हो गया। इस धमाके में काम कर रही चार महिला मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आठ महिला मजदूर और एक पुरुष बुरी तरह झुलस गए।

भयानक मंजर, लोगों की रूह कांप उठी

हादसे के बाद घटनास्थल का मंजर बेहद खौफनाक था। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि महिला मजदूरों के शरीर के टुकड़े-टुकड़े होकर बिखर गए थे। जो लोग विस्फोट में झुलस गए थे, वे जान बचाने के लिए चीख-पुकार कर रहे थे। मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने बिना देर किए गंभीर रूप से घायल महिला मजदूरों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल, झुलसकर घायल हुई तीन महिला मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है।

यह बताया जा रहा है कि दिल्ली-NCR क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्रियां बंद होने के बाद अमरोहा जिले के अलग-अलग इलाकों में दर्जनों ऐसी फैक्ट्रियां लग गई हैं। ऐसा लगता है कि दिल्ली-NCR में पटाखों पर प्रतिबंध लगने के बाद फैक्ट्री मालिकों ने अपनी फैक्ट्रियों को NCR से सटे जिलों में शिफ्ट कर लिया है। जिस पटाखा फैक्ट्री में यह हादसा हुआ है, वह हापुड़ जनपद के थाना हापुड़ नगर के गांव भंडा पट्टी के रहने वाले सैफुर्रहमान के नाम पर चल रही थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News