गर्भनिरोधक गोली बनी जानलेवा...45 साल की महिला का 10 डॉक्टर्स ने किया ऑपरेशन, जानिए कितनी खतरनाक
punjabkesari.in Tuesday, Jul 22, 2025 - 06:59 PM (IST)

नेशनल डेस्क: क्या आप गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन कर रही हैं? अगर हां, तो मध्य प्रदेश के एमटीएच अस्पताल से सामने आई यह खबर आपको चौकन्ना कर सकती है। यहां 45 वर्षीय महिला के पेट से 30 गांठें निकाली गईं, और डॉक्टरों को शक है कि यह सब लंबे समय तक बर्थ कंट्रोल पिल्स लेने का नतीजा हो सकता है।
छह साल से थी पेट में सूजन, दिखता था जैसे गर्भवती हों
महिला को पिछले छह साल से पेट में सूजन और भारीपन की शिकायत थी। वह कई अस्पतालों में इलाज करा चुकी थीं, लेकिन आराम नहीं मिला। जब वह एमटीएच अस्पताल पहुंचीं, तो डॉक्टरों को लगा जैसे वह गर्भवती हों, क्योंकि पेट बहुत ज्यादा फूला हुआ था।
ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर भी रह गए दंग
सोनोग्राफी में कुछ गांठें नजर आईं, लेकिन जब ऑपरेशन किया गया, तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। करीब दो घंटे चली इस सर्जरी में महिला की बच्चेदानी (uterus) से 30 गांठें निकाली गईं, जिनमें से कई का आकार 6 से 7 सेंटीमीटर तक था। डॉक्टरों की टीम ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में गांठें निकालने का यह पहला मामला था।
लंबे समय तक गर्भनिरोधक गोलियां बनीं कारण?
स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सुमित्रा यादव और सर्जरी करने वाली डॉ. विभा मोजस ने बताया कि महिला लंबे समय से गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन कर रही थीं। डॉक्टरों को संदेह है कि इसी के चलते शरीर में हार्मोनल असंतुलन हुआ, जिससे गांठों का विकास हुआ। अगर ऑपरेशन में देरी होती, तो ये गांठें किडनी और अन्य अंगों को नुकसान पहुंचा सकती थीं।
जानिए – गर्भनिरोधक गोलियों के आम साइड इफेक्ट्स
गर्भनिरोधक गोलियां शरीर में हार्मोन का स्तर बदलकर गर्भधारण रोकती हैं, लेकिन इसके कुछ दुष्प्रभाव भी हो सकते हैं। आम लक्षणों में शामिल हैं:
- पीरियड्स के बीच स्पॉटिंग या हल्की ब्लीडिंग
- मतली और उलटी जैसा महसूस होना
- स्तनों में सूजन या दर्द
- सिरदर्द और माइग्रेन
- मूड स्विंग्स या अवसाद
- वजन में बदलाव
- लिबिडो (यौन इच्छा) में कमी
- योनि स्राव में बदलाव
- आंखों में सूखापन या धुंधला दिखना
लंबे समय तक उपयोग के खतरे
कुछ महिलाओं में गर्भनिरोधक गोलियों से दिल की बीमारियों, ब्लड क्लॉट, स्ट्रोक, और कुछ मामलों में कैंसर का खतरा भी थोड़ा बढ़ सकता है।
- स्तन कैंसर का खतरा थोड़ा बढ़ सकता है
- डिम्बग्रंथि और एंडोमेट्रियल कैंसर का खतरा कम हो सकता है
- सर्वाइकल कैंसर का जोखिम लंबे समय तक गोली लेने पर बढ़ सकता है
- कोलोरेक्टल कैंसर का खतरा कम हो सकता है
डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी
इंदौर की इस घटना से यह स्पष्ट है कि किसी भी दवा का लंबे समय तक बिना डॉक्टर की निगरानी में सेवन करना खतरनाक साबित हो सकता है। अगर आप गर्भनिरोधक गोलियों का इस्तेमाल कर रही हैं या करने का सोच रही हैं, तो पहले किसी स्त्री रोग विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें। अपने स्वास्थ्य इतिहास और शरीर की ज़रूरतों को ध्यान में रखकर ही कोई भी फैसला लें।