भारी बारिश ने बरपाया कहर! फ्लड की चपेट में 20-30 गाड़ियां आई, युवक की मौत
punjabkesari.in Saturday, May 24, 2025 - 10:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने कई जगहों पर तबाही मचाई है। शिमला के रामपुर के पास शनिवार शाम को हुई तेज बारिश के कारण दो नालों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) आ गया। इस बाढ़ की वजह से सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां बहकर सतलुज नदी के पास पहुंच गईं। फिलहाल किसी के घायल या मारे जाने की खबर नहीं है, लेकिन इलाके में डर और अफरातफरी का माहौल बन गया है।
कहां हुआ हादसा?
यह घटना कुल्लू जिले के निरमंड विकास खंड की जगातखाना पंचायत में हुई। वहां बाढ़ के साथ मलबा भी बहकर आया और सड़कें बंद हो गईं। हालांकि अब प्रशासन ने सड़कें खोल दी हैं।
स्थानीय लोगों की परेशानी
रामपुर के पास एक घर में भी नाले का पानी घुस गया, जहां महिला पिंकी और उनके परिवार को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि घर के तीनों कमरों में पानी भर गया और वे अपना सामान निकालने में लगे हैं।
चंबा में दर्दनाक हादसा
चंबा जिले के बजोल-बड़ा भंगाल सड़क पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई और एक घायल हो गया। मरने वाले मजदूर का नाम लोकेंद्र कुमार है, जो चंबा के धारटो गांव का रहने वाला था। घायल मजदूर मनोज कुमार कुंडी गांव का रहने वाला है।
मौसम विभाग की चेतावनी
- 24 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था।
- 28 मई तक येलो अलर्ट जारी है।
- अगले चार दिन तक राज्य में तेज बारिश, आंधी और तूफान की संभावना है।