14 carat gold price: 14 कैरेट या 22 कैरेट में 2 तोले की सोने की चेन कितने की पड़ेगी? जानें पूरा खर्चा
punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 07:14 PM (IST)
नेशनल डेस्क: सोना सिर्फ गहने बनाने का सामान नहीं, बल्कि यह निवेश का एक भरोसेमंद जरिया भी बन चुका है। जैसे-जैसे सोने की मार्केट बढ़ रही है, वैसे-वैसे बाजार में अलग-अलग कैरेट के विकल्पों की अहमियत भी बढ़ गई है। आज के समय में 14 कैरेट और 22 कैरेट सोने के बीच चुनाव अक्सर लोगों के लिए चुनौती बन जाता है। सही विकल्प चुनना इस बात पर निर्भर करता है कि आप सोना क्यों खरीद रहे हैं—क्या इसे भविष्य में निवेश के लिए रखना है या रोजमर्रा पहनने के लिए इस्तेमाल करना है। इन दोनों विकल्पों में सोने की शुद्धता, टिकाऊपन और आज के भाव के हिसाब से कीमत में काफी फर्क देखने को मिलता है।
14 कैरेट और 22 कैरेट में मुख्य अंतर
-
22 कैरेट सोना: लगभग 91.6% शुद्धता वाला यह सोना अपने गहरे पीले रंग और चमक के लिए जाना जाता है। निवेश के लिहाज से यह आदर्श है क्योंकि इसकी रीसेल वैल्यू अधिक रहती है। लेकिन शुद्ध होने के कारण यह नरम होता है और रोजमर्रा के इस्तेमाल में जल्दी घिस सकता है।
-
14 कैरेट सोना: इसमें लगभग 58.3% सोना होता है, बाकी तांबा और चांदी जैसी धातुएं मिलाई जाती हैं। इस वजह से यह मजबूत और टिकाऊ बनता है, रोजाना पहनने के लिए बेहतर विकल्प है और कीमत में भी 22 कैरेट से कम होता है। हालांकि इसकी चमक हल्की होती है और निवेश के लिहाज से रीसेल वैल्यू 22 कैरेट जितनी नहीं रहती।
आज का सोना और चांदी का भाव
16 जनवरी 2026 को सोने के भाव में गिरावट देखी गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 22 कैरेट सोने का रेट 129,813 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, चांदी के भाव में भी बढ़ोतरी हुई है, जो कि 5,000 रुपये प्रति किलो से अधिक रही। इसका मतलब है कि आज चेन बनाने का खर्च सोने की शुद्धता और रोजाना भाव पर निर्भर करेगा।
कुल खर्च कैसे तय होता है?
सोने की चेन का कुल खर्च कुछ इस तरह तय होता है:
सोने की कीमत + मेकिंग चार्ज + GST = कुल खर्च
उदाहरण के लिए, यदि 10 ग्राम 22 कैरेट सोने का भाव 60,000 रुपये और 10 ग्राम 14 कैरेट सोने का भाव 40,000 रुपये है, तो 2 तोले (लगभग 20 ग्राम) की चेन की कीमत दोगुनी होगी। मेकिंग चार्ज डिजाइन और वजन के हिसाब से 9% से 28% तक हो सकता है।
निवेश या रोजमर्रा के इस्तेमाल के हिसाब से विकल्प
-
निवेश के लिए: 22 कैरेट सोना बेहतर विकल्प है। इसकी चमकदार रंगत और उच्च रीसेल वैल्यू निवेश को सुरक्षित बनाती है।
-
रोजमर्रा पहनावे के लिए: 14 कैरेट चेन ज्यादा टिकाऊ और मजबूत होती है, घिसने या टूटने का डर कम रहता है और खर्च भी कम आता है।
