कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के लिये तैरता पृथक वास तैयार कर रहा है मुंबई बंदरगाह न्यास

punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2020 - 11:06 PM (IST)

मुंबई, चार अप्रैल (भाषा) मुंबई बंदरगाह न्यास ने कोरोना वायरस के संकट के मद्देनजर संक्रमित लोगों के लिये समंदर की लहरों पर ‘तैरता पृथक वास’ तैयार करने की पहल की है। न्यास ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

मुंबई बंदरगाह न्यास ने एक बयान में कहा कि वह क्रूज का परिचालन करने वाली एक कंपनी से इस बारे में बात कर रहा है। जिस क्रूज को इस उदेश्य के लिये तैयार करने पर विचार किया जा रहा है, उसमें दो हजार लोगों को रखने की क्षमता है।

न्यास के चेयरमैन संजय भाटिया ने कहा, ‘‘हमने बृहन्नमुंबई नगर निगम और एक क्रूज परिचालक से दो हजार लोगों के लिये तैरतापृथक वास बनाने को लेकर करार किये हैं। इसके अलावा हमने वाडी बंदर पर सेलर्स होम से भी समझौता किया है, जिसमें 500 लोगों को पृथक रखने की क्षमता है।’’
हालांकि भाटिया ने यह नहीं बताया कि उनकी बात किस क्रूज परिचालक से हो रही है।

सूत्रों की मानें तो मुंबई बंदरगाह न्यास एस्सेल समूह के क्रूज लाइनर जलेश क्रूजेज से बात कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में अब तक 537 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 179 मामले अकेले मुंबई से हैं।




यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Recommended News

Related News