श्रावणी मेले में देवघर के बाबा धाम में इस वर्ष पचास लाख श्रद्धालु आएंगे

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2015 - 11:26 AM (IST)

झारखंड के देवघर में सावन माह में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में इस वर्ष पचास लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं और कांवडिय़ों के पहुंचने की संभावना है जिनकी सुविधा के लिए रांची से देवघर के लिए इस वर्ष चार वोल्वो बसें भी चलाई जाएंगी।  झारखंड पर्यटन विभाग की निदेशक सुचित्रा सिन्हा ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देवघर के विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में इस वर्ष देश और दुनिया से पचास लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं और कांवडिय़ों के पहुंचने की संभावना है।  

एक सवाल के जवाब में सिन्हा ने कहा कि पिछले वर्ष लगभग चालीस लाख श्रद्धालुओं ने बाबा धाम के दर्शन पूजन किए थे और इस वर्ष इस संख्या में कम से कम 25 प्रतिशत वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष यात्रियों को अनेक नई सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं जिनमें रांची से देवघर के लिए प्रतिदिन सुबह सात बजे और रात्रि दस बजे वातानुकूलित बस सुविधा भी शामिल है। भक्तों को तीन हजार रुपये के पैकेज में रांची से वोल्वो बस से देवघर ले जाने, वहां एसी कमरे में ठहराने और खानेपीने का समूचा प्रबंधन किया गया है।  

इसके अलावा यात्रियों को वैष्णो देवी के भक्तों की तर्ज पर अब राज्य के पर्यटन विकास निगम की आेर से तय मूल्य पर पेड़े का प्रसाद भी दिया जाएगा जिसके लिए देवघर में निगम चार काउंटर खोलेगा। झारखंड पर्यटन विकास निगम के महाप्रबन्धक सुनील कुमार ने बताया कि निगम अपने काउंटर से सुधा डेयरी के साथ संयुक्त रूप से अस्सी रूपए का प्रसाद पैकेट उपलब्ध कराएगा जिसमें ढाई सौ ग्राम पेड़े और वैष्णो देवी के भक्तों की तर्ज पर जर्मन चांदी का एक सिक्का स्मारक के रूप में दिया जाएगा। 

इस सिक्के पर बाबा धाम का चित्र अंकित होगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वीआईपी शीघ्र दर्शनम और हेल्प लाइन की व्यवस्था झारखंड पर्यटन विकास निगम की आेर से किया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News