सिर्फ 5 दिन में निवेशकों ने एक लाख करोड़ से ज्यादा कमाए

punjabkesari.in Monday, Jan 22, 2018 - 04:55 AM (IST)

नई दिल्ली: पिछले हफ्ते बाजार पूंजीकरण (एमकैप) के लिहाज से देश की 10 शीर्ष मूल्यवान कम्पनियों में निवेश करने वाले निवेशक मालामाल हो गए। इनमें 6 कम्पनियों का एमकैप सिर्फ एक सप्ताह में संयुक्त रूप से 1,07,370.4 करोड़ रुपए बढ़ा। इस तरह पिछले हफ्ते 5 कारोबारी दिनों में इन कम्पनियों के निवेशकों ने 1.07 लाख करोड़ रुपए कमाए।

इन्फोसिस-एस.बी.आई. में भी मोटा रिटर्न
इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 14,162.91 करोड़ बढ़कर 2,49,680.06 करोड़ रुपए हो गया, जबकि आई.टी.सी. का बाजार पूंजीकरण 7,740.94 करोड़ बढ़कर 3,33,835.66 करोड़ रुपए पहुंच गया। वहीं देश के सबसे बड़े बैंक एस.बी.आर्इ. का एमकैप 6,258.24 करोड़ बढ़कर 2,66,773.62 करोड़ रुपए रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 10,981.64 करोड़ बढ़कर 5,88,642.81 करोड़ रुपए पहुंच गया। 

ओ.एन.जी.सी.-मारुति ने दिया झटका 
पिछले हफ्ते ओ.एन.जी.सी. का बाजार पूंजीकरण 8,534.1 करोड़ कम होकर 2,48,451.43 करोड़ रुपए पर आ गया। वहीं मारुति-सुजुकी इंडिया का एमकैप 4,197.4 करोड़ घटकर 2,81,579.40 करोड़ रुपए रहा, जबकि हिन्दुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 2,196.94 करोड़ घटकर 2,94,921.03 करोड़ रुपए पर आ गया। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 10,981.64 करोड़ घटकर 5,88,642.81 करोड़ रुपए पहुंच गया। 

टी.सी.एस.-एच.डी.एफ.सी. में सबसे ज्यादा कमाई
पिछले सप्ताह निवेशकों को सबसे अधिक टाटा कंसल्टैंसी सर्विसेज (टी.सी.एस.) में कमाई हुई। टी.सी.एस. का बाजार पूंजीकरण 34,811.32 करोड़ रुपए बढ़कर 5,65,624.13 करोड़ रुपए रहा। इस तरह निवेशकों की कुल कमाई में करीब एक तिहाई टी.सी.एस. का हिस्सा रहा। शीर्ष 10 कम्पनियों में से सर्वाधिक लाभ में टी.सी.एस. रही। एच.डी.एफ.सी. का एमकैप 22,238.48 करोड़ बढ़कर 3,03,614.28 करोड़ रुपए रहा, जबकि एच.डी.एफ.सी. बैंक का बाजार पूंजीकरण 22,158.51 करोड़ बढ़कर 5,05,384.92 करोड़ रुपए रहा। 

सबसे बड़ी रिलायंस
शेयरों में गिरावट के बावजूद बाजार पूंजीकरण के लिहाज से शीर्ष 10 कम्पनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रही। उसके बाद क्रमश: टी.सी.एस., एच.डी.एफ.सी. बैंक, आई.टी.सी., एच.डी.एफ.सी., एच.यू.एल., मारुति, एस.बी.आई., इन्फोसिस तथा ओ.एन.जी.सी. का स्थान रहा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News