दुनिया की तेल आपूर्ति पर डबल अटैक; हूती विद्रोहियों ने 2 सऊदी तेल टैंकरों पर किया हमला, वैश्विक बाजार में हड़कंप
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 11:46 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए एक नया संकट खड़ा हो गया है। ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने दो सऊदी तेल टैंकरों पर हमला किया है। साथ ही हूतियों ने सऊदी अरब के खिलाफ समुद्री नाकाबंदी (Naval Blockade) लागू करने का भी ऐलान किया है। हूतियों का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में जारी संघर्ष और अमेरिका समर्थित सैन्य गतिविधियों के जवाब में की गई है। हालांकि, सऊदी अरब की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Yemen's Iran-backed Houthis have claimed responsibility for missile and drone attacks on two Saudi oil tankers in the Red Sea, alleging the vessels violated their recently declared naval blockade. The escalation raises fresh concerns over regional security and global energy… pic.twitter.com/LrfDOWf2OJ
— Bharat Pulse News (@BharatPulseNews) July 23, 2026
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हूतियों की नाकाबंदी लंबे समय तक जारी रहती है, तो दुनिया के दो सबसे अहम समुद्री तेल मार्ग रेड सी (लाल सागर) और होर्मुज जलडमरूमध्य दोनों पर एक साथ खतरा पैदा हो सकता है। इन दोनों रास्तों से वैश्विक कच्चे तेल और गैस की बड़ी मात्रा दुनिया भर में पहुंचती है। यदि हमलों और समुद्री तनाव में और बढ़ोतरी होती है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आ सकता है।
इससे दुनिया के कई देशों में ईंधन महंगा होने और सप्लाई चेन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। लाल सागर पहले से ही कई जहाजों पर हुए हमलों के कारण संवेदनशील बना हुआ है। अब हूतियों द्वारा सऊदी टैंकरों को निशाना बनाने और समुद्री नाकाबंदी की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय नौवहन कंपनियां और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
