पेरिस: गश्त पर निकले सैनिकों को कार ने रौंदा

punjabkesari.in Wednesday, Aug 09, 2017 - 05:52 PM (IST)

पेरिसः फ्रांस की राजधानी पेरिस के एक उपनगर में गश्त के लिए निकले सेना के जवानों को एक BMW कार सवार रौंदकर फरार हो गया। घटना में 6 जवान घायल हुए हैं, इनमें दो की हालत गंभीर है। शहर के मेयर पैट्रिक बालकेनी ने इसे जान-बूझकर अंजाम दी गई घटना बताया है। घटना को आतंकी वारदात मानकर जांच करने के आदेश दिए गए हैं।

फ्रांस में आतंकी हमलों के खतरे के चलते नवंबर 2015 से आपातकाल लागू है। पेरिस के करीब लेवॉइस-पेरेट इलाके में बनी सैन्य बैरक के बाहर प्रात:काल यह घटना तब हुई जब जवान गश्त के लिए निकले थे। अचानक तेज रफ्तार कार ने किनारे आकर उन्हें रौंदा और बिना धीमी हुए वह वहां से दौड़ गई।  तत्काल हरकत में आई सेना ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

पहले घटना को सड़क हादसा माना गया लेकिन उसका विश्लेषण करने पर वह जान-बूझकर की गई वारदात जैसी लगी। चूंकि नीस शहर में ट्रक दौड़ाकर दर्जनों लोग मारे जाने की आतंकी वारदात हुई थी। लंदन में भी फुटपाथ पर चल रहे लोगों को इसी तरह कुचला गया था। इसलिए आतंकवाद निरोधी दस्ते को इस घटना के आतंकी वारदात होने का शक पैदा हुआ। 

पुलिस अब कार सवार की तलाश में जुट गई है और कई जगह छापेमारी की गई है। आतंकवाद के खतरे से जूझ रहे फ्रांस में शनिवार को एफिल टावर के पास से एक 18 साल के युवक को हाथ में चाकू लेकर अल्लाह-ओ-अकबर के नारे लगाते हुए गिरफ्तार किया गया था। जांच में यह युवक मानसिक रूप से बीमार पाया गया। फ्रांस में सबसे जघन्य आतंकी हमला 13 नवंबर, 2015 को हुआ था। इस्लामिक स्टेट के उस हमले में 130 लोग मारे गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News