यूक्रेनी ड्रोन ने रूस की ‘अमेजन’ को फिर बनाया निशाना, वाइल्डबेरीज का विशाल गोदाम जलकर खाक(video)
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 07:23 PM (IST)
Moscow: यूक्रेन के लंबी दूरी तक हमला करने वाले ड्रोन ने एक महीने से कुछ अधिक समय में दूसरी बार रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन खुदरा कंपनी वाइल्डबेरीज के एक बड़े गोदाम को निशाना बनाया। स्थानीय अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि हमले के बाद लगी भीषण आग में गोदाम पूरी तरह नष्ट हो गया। यूक्रेनी बलों ने इससे पहले 18 जुलाई को मॉस्को के दक्षिण-पूर्व में तांबोव क्षेत्र स्थित इस गोदाम पर हमला किया था, जो यूक्रेन की सीमा से कई सौ किलोमीटर दूर है। तब इस हमले में सात लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद यूक्रेन ने रूस की ई-कॉमर्स कंपनी वाइल्डबेरीज को लगातार निशाना बनाने का हवाई अभियान शुरू किया। कंपनी के बड़े आकार और व्यावसायिक महत्व के कारण इसकी तुलना अमेजन जैसी कंपनियों से की जाती है।
UKRAINIAN DRONES STRIKE WILDBERRIES WAREHOUSE IN KOTOVSK, RUSSIA
— Inside the conflict (@InsidConflict) August 26, 2026
Ukrainian kamikaze drones targeted a Wildberries fulfillment hub in Kotovsk, Russia, score direct hits and triggering a massive fire visible from miles away.
Visuals show a huge fire cloud illuminating the night… pic.twitter.com/azac1anPpS
रूस द्वारा फरवरी 2022 में किए गए हमले के बाद यूक्रेन ने अपनी अत्याधुनिक ड्रोन क्षमताओं को विकसित किया है। इनकी मदद से उसने हाल के हफ्तों में रूस में वाइल्डबेरीज की कई सुविधाओं को निशाना बनाया है। कीव के अधिकारियों का कहना है कि कंपनी द्वारा बेचे जाने वाले कुछ सामानों में रूसी सेना के उपयोग में आने वाले उपकरण और तकनीकी सामग्री शामिल हैं। यूक्रेन का कहना है कि इन हमलों से रूस की अग्रिम मोर्चे से दूर रहने वाली जनता में असुरक्षा की भावना पैदा करने और रूसी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचने के उसके युद्ध संबंधी लक्ष्यों की पूर्ति हो रही है।
इस बीच रूस ने यूक्रेन पर बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों, शक्तिशाली ग्लाइड बमों और जेट इंजन वाले ड्रोन से हमले जारी रखे हैं। इन हमलों में हजारों नागरिकों के मारे जाने की खबर है। यूक्रेन लगभग हर रात रूस पर सैकड़ों ड्रोन दाग रहा है और उसका उद्देश्य रूसी हवाई सुरक्षा प्रणाली को कमजोर करना है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रातभर में उसकी सेनाओं ने रूस के 15 क्षेत्रों और अवैध रूप से कब्जाए गए क्रीमिया के ऊपर 426 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। वाइल्डबेरीज ने तांबोव क्षेत्र स्थित अपने गोदाम पर रात में हुए हमले और गोदाम में आग लगने की पुष्टि की है। कंपनी ने कहा कि परिसर को खाली करा लिया गया था, लेकिन उसने नुकसान के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
