एलन मस्क ने खोली यूक्रेन की पोल, कहा- रूस से जंग के बीच स्टारलिंक का किया गया दुरुपयोग
punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 11:28 AM (IST)
Washington: रूस के खिलाफ युद्ध लड़ रहे यूक्रेन की सैन्य संचार व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाली स्टारलिंक इंटरनेट सेवा की गति सीमित करने के मामले में स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क ने अपनी कंपनी की भूमिका स्वीकार की है। मस्क ने आरोप लगाया कि यूक्रेनी सेना ने स्टारलिंक की शर्तों का उल्लंघन करते हुए इसका इस्तेमाल लोगों की जान लेने वाले आक्रामक ड्रोन हमलों के लिए किया। हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि स्टारलिंक और स्टारशील्ड उपग्रह संचार सेवाओं की गति पहले के स्तर पर बहाल हो गई है।
मस्क ने शनिवार को अपने सामाजिक माध्यम मंच एक्स पर कहा कि स्टारलिंक एक नागरिक वाणिज्यिक सेवा है और इसका इस्तेमाल लोगों की जान लेने के लिए आक्रामक ड्रोन हमलों में करने की अनुमति कभी नहीं थी और न ही होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यूक्रेनी सेना ने सेवा की शर्तों का उल्लंघन करते हुए इसका इस्तेमाल ऐसे हमलों के लिए किया था। मस्क के मुताबिक, पिछले सप्ताह इस खामी को बंद कर दिया गया। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब यूक्रेन में स्टारलिंक की गति सीमित किए जाने को लेकर कई दिनों से सवाल उठ रहे थे। बताया गया कि इस कदम से अग्रिम मोर्चों पर सैन्य अभियानों और संचार व्यवस्था पर एक सप्ताह से अधिक समय तक असर पड़ा।
जेलेंस्की ने कहा- पहले जैसी हुई सेवा की गति
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि स्टारलिंक और स्टारशील्ड उपग्रह संचार सेवाओं की गति बहाल हो गई है। उन्होंने बताया कि सेवा बहाली की प्रक्रिया रात में शुरू हुई और शनिवार सुबह तक स्थिति आवश्यक स्तर पर पहुंच गई। जेलेंस्की के अनुसार, इससे अग्रिम मोर्चों पर रसद पहुंचाने, सैन्य संचार बेहतर बनाने और रूस की ओर से इस्तेमाल किए जा रहे शाहेद ड्रोन के खिलाफ रक्षा व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी। स्टारलिंक यूक्रेन के लिए संचार का एक महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। रूस के फरवरी 2022 में पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू करने के बाद से यूक्रेनी सेना ने सैन्य संचार, ड्रोन संचालन और अग्रिम मोर्चों पर संपर्क बनाए रखने के लिए इस उपग्रह नेटवर्क का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया है।
स्टारशील्ड को लेकर अमेरिकी सरकार की भूमिका
मस्क ने यह भी स्पष्ट किया कि स्टारशील्ड से जुड़े बदलावों पर अमेरिकी सरकार का नियंत्रण है। स्टारशील्ड, स्टारलिंक का सैन्य उपयोग के लिए विकसित संस्करण है, जिसका इस्तेमाल यूक्रेन की संचार और सैन्य गतिविधियों में किया जाता है।पिछले सप्ताह स्टारशील्ड सेवाओं पर प्रतिबंधों की खबरों से यूक्रेनी सैन्य और सरकारी अधिकारियों की चिंता बढ़ गई थी। कुछ सैन्य कमांडरों ने ड्रोन खोने और अभियानों में व्यवधान आने की शिकायत की थी।
