ब्रिटिश नेता को प्रिंस हैरी की मंगेतर बारे प्रेमिका की भद्दी टिप्पणी पड़ी महंगी

punjabkesari.in Wednesday, Jan 17, 2018 - 06:48 AM (IST)

लंदनः ब्रिटेन के दक्षिणपंथी राजनीतिक दल UKIP के नेता हेनरी बोल्टन को उनकी प्रेमिका द्वारा शाही घराने की होने वाली बहू व प्रिंस हैरी की मंगेतर मेघन मार्कल पर  कथित रूप से नस्लीय टिप्पणी करना महंगा साबित हो रहा है। बोल्टन को  उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नेतृत्व या प्रेमिका में से एक को चुनने को कहा है। मेघन, राजकुमार हैरी से जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाली हैं।  

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, बोल्टन की  प्रेमिका मॉडल मार्ने (25) हैं। बोल्टन पिछले सितंबर में दक्षिणपंथी राजनीतिक दल युनाइटेड किंगडम इंडीपेंडेंस पार्टी (यूकेआईपी) के नेता चुने गए थे। ब्रिटिश अखबार  के मुताबिक, मार्ने ने अपने एक दोस्त को श्रंखलाबद्ध संदेश भेजे, जिसमें उन्होंने मार्कल और अश्वेत लोगों के खिलाफ भद्दी व अपमानजनक टिप्पणियां कीं।
PunjabKesari
मार्ने ने उसमें कहा कि मार्कल 'अपने बीज' से शाही परिवार को 'दूषित' कर देंगी और एक 'अश्वेत राजा' के लिए रास्ता तैयार करेंगी। मार्ने ने बाद में एक अखबार में बयान जारी किया और कहा कि वह संदेश में प्रयोग की गई 'स्तब्धकारी भाषा' के लिए 'बिना शर्त खुलकर' माफी मांगती हैं। UKIP के अध्यक्ष 54 वर्षीय पॉल ओकडेन ने कहा कि उन्होंने संदेशों के बारे में पढ़ने के बाद मार्ने की पार्टी सदस्यता को तत्काल निलंबित करने का फैसला किया है।

ओकडेन ने  बताया कि UKIP ने न नस्लवाद का समर्थन कभी किया और न ही कभी करेगी।लंदन एसेंबली में UKIP प्रतिनिधिमंडल के नेता पीटर व्हिटल ने मार्ने को उनकी 'शर्मनाक प्रतिक्रिया के लिए पूर्ण रूप से पार्टी से बाहर करने' की मांग की है। पार्टी के कई नेताओं ने बोल्टन के इस्तीफे की मांग की है। प्रिंस हैरी और मार्कल मई में शादी करने वाले हैं, जिसके बाद मार्कल आधिकारिक तौर पर एक राजकुमारी और ब्रिटिश शाही परिवार की सदस्य बन जाएंगी। उनकी सगाई को प्रिंस हैरी की दादी क्वीन एलिजाबेथ का समर्थन प्राप्त है।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News