''धरती को 150 बार नष्ट कर सकते हैं, हमारे पास इतने परमाणु बम'', ट्रंप का चौंकाने वाला बयान

punjabkesari.in Monday, Nov 03, 2025 - 02:17 PM (IST)

इंटरनेंशनल डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को लेकर सनसनीखेज बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जैसे चीन अमेरिका के लिए खतरा है, वैसे ही अमेरिका भी चीन के लिए खतरा है। ट्रंप ने स्पष्ट किया, "हम उन्हें देखते हैं, वो हमें देखते हैं। दुनिया में बहुत प्रतिस्पर्धा है, खासकर अमेरिका और चीन के बीच।" ट्रंप ने दोनों देशों के बीच आपसी टकराव की बजाय सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि मिलकर काम करने से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी खुफिया एजेंसियां चीन पर अमेरिका की बिजली और पानी की व्यवस्था में सेंध लगाने के आरोप लगा रही हैं।

चीन के परमाणु हथियारों पर चिंता
राष्ट्रपति ट्रंप ने चीन के तेजी से बढ़ते परमाणु हथियारों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा, "चीन बहुत तेजी से नए हथियार बना रहा है और पांच साल में वह रूस और अमेरिका के करीब पहुंच सकता है।" ट्रंप ने बताया कि उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से परमाणु हथियारों को घटाने (निरस्त्रीकरण) पर विस्तृत बातचीत की है।

अमेरिका-चीन-रूस के रिश्ते पर ट्रंप का रुख
ट्रंप ने चीन और रूस से अमेरिका के रिश्तों पर कहा कि दोनों देशों के बीच प्रतिस्पर्धा तो जारी रहेगी, लेकिन इसे युद्ध या दुश्मनी में नहीं बदलना चाहिए। उनका कहना था, "सहयोग से दोनों देश दुनिया को बेहतर दिशा दे सकते हैं।" उन्होंने परमाणु हथियारों की मौजूदा स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा, "हमारे पास सबसे ज्यादा परमाणु हथियार हैं, रूस दूसरे नंबर पर है और चीन फिलहाल तीसरे पर है, लेकिन वे बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मुझे लगता है कि अब सभी देशों को परमाणु हथियारों की संख्या घटाने यानी निरस्त्रीकरण पर काम करना चाहिए।"

'धरती को 150 बार नष्ट कर सकते हैं'
ट्रंप ने परमाणु हथियारों की भयावहता पर प्रकाश डालते हुए कहा, "निरस्त्रीकरण बहुत बड़ा मुद्दा है। हमारे पास इतने परमाणु हथियार हैं कि हम इस धरती को 150 बार नष्ट कर सकते हैं। रूस के पास भी बड़ी संख्या में परमाणु हथियार हैं और चीन के पास भी जल्द ही काफी हथियार होंगे। उनके पास अभी भी अच्छी-खासी संख्या में हैं।"

ट्रंप ने आगे कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर पुतिन और शी जिनपिंग दोनों से बातचीत की है। "अगर ये तीनों देश मिलकर परमाणु हथियारों पर नियंत्रण की दिशा में कदम बढ़ाते हैं तो यह दुनिया के लिए बहुत बड़ा संदेश होगा।" अपने हालिया परमाणु परीक्षण आदेश का बचाव करते हुए ट्रंप ने कहा, "चीन और रूस भी अपने परमाणु हथियारों का परीक्षण कर रहे हैं, बस आपको इसकी जानकारी नहीं है।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News